• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में आरएसएस ने धूमधाम से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस
प्रतापगढ़ में आरएसएस ने धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

प्रतापगढ़ में आरएसएस ने धूमधाम से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस

प्रतापगढ़, 16 अगस्त 2025। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केशव कुंज कार्यालय में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रतापगढ़ विभाग के विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत की। अपने उदबोधन में उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, जब भारत ने ब्रिटिश उपनिवेशवाद की बेड़ियों को तोड़कर लोकतांत्रिक गणराज्य की स्थापना की। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद करते हुए कहा कि यह दिन हमें उनकी कुर्बानियों और देश के लिए उनके समर्पण को स्मरण कराता है। ओम प्रकाश ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवित रखें और राष्ट्र की प्रगति के लिए कार्य करें।

जिला प्रचारक प्रवीण ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि 15 अगस्त 1947 को भारत ने करीब 200 वर्षों की गुलामी से मुक्ति पाई थी। उन्होंने सभी से एकता, विविधता और प्रगति के मूल्यों को संजोने और संविधान में निहित सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हमें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद दिलाता है।

कार्यक्रम में विभाग संघचालक रमेश, प्रांत शारीरिक शिक्षण प्रमुख संतोष, विभाग कार्यवाह हरीश, नगर संघचालक जगदम्बा, नगर प्रचारक विवेकानंद, नगर कार्यवाह अंकित, बौधिक प्रमुख राजा, पर्यावरण संयोजक रोहित, भारतीय भाषा अभियान संयोजक महेश गुप्ता, महामंत्री अधिवक्ता परिषद शिवेश शुक्ला, सावन, दिनेश, विपिन, जयशंकर सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यालय परिसर को तिरंगे और रंग-बिरंगे झंडियों से सजाया गया था। स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन एकता, देशप्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया।