रायपुर, 6 अगस्त 2025। श्री स्पोर्ट्स क्लब फेडरेशन ने छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी पहल की है। यह फेडरेशन छत्तीसगढ़ में भारत का पहला ओलंपियन स्कूल खोलेगा। इसकी जानकारी रायपुर प्रेस क्लब में 5 अगस्त 2025 को हुई प्रेस वार्ता में दी गयी। प्रेस वार्ता को फेडरेशन के पदाधिकारियों द्वारा संबोधित किया गया।
श्री स्पोर्ट्स क्लब के बारे में
- चर्मिला श्री स्पोर्ट्स क्लब फेडरेशन, सेक्शन-8 में रजिस्टर्ड NGO है। यह 80जी और CSR से भी मान्यता प्राप्त है।
- फेडरेशन के फाउंडर और को-फाउंडर पिता-पुत्र हैं, जो एशिया और इंटरनेशनल रिकॉर्ड होल्डर भी हैं।
28 राज्यों से चुनेंगे धावक
संस्था भारत के सभी 28 राज्यों से एक-एक महिला और पुरुष धावक का चयन करने जा रही। साल 2027 में 28+28 यानी 56 बच्चों को जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी तक दौड़ाया जाएगा। इस दौड़ की दूरी लगभग 4000 किलोमीटर होगी, जो एक ऐतिहासिक गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा। चयनित सभी खिलाड़ियों को निःशुल्क विश्व रिकॉर्ड में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
कब खुलेगा ओलंपियन स्कूल
- इस महायात्रा के बाद फेडरेशन छत्तीसगढ़ में भारत का पहला ओलंपियन स्कूल नर्सरी स्कूल खोलेगा।
- यह स्कूल विशेष रूप से ओलंपिक खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से स्थापित किया जाएगा।
- फेडरेशन 500 गरीब, स्वस्थ, 5 वर्षीय बच्चों को चयन कर स्कूल में निःशुल्क दाखिला देगा।
- बच्चों को खेल प्रशिक्षण मिलेगा साथ ही दो घंटे की पढ़ाई की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
- इसका खर्च फेडरेशन द्वारा वहन किया जाएगा।
- लक्ष्य है कि 2036 के ओलंपिक में भारत को होस्टिंग का अवसर मिले और भारत का मान बढ़े।
हर राज्य में करेंगे मैराथन
फेडरेशन नवंबर 2027 तक हर राज्य में मैराथन और म्यूजिक कंसर्ट का आयोजन भी करेगा। अक्टूबर में 5, 10 और 21KM की मैराथन रायपुर में आयोजित की जाएगी। उसी दिन शाम को पलक मुच्छाल का म्यूजिक कंसर्ट भी रायपुर में आयोजित किया जाएगा।















