प्रतापगढ़ के शिक्षक श्याम प्रकाश मौर्य ने किया ऐसा काम कि राष्ट्रपति करेंगे सम्मान

प्रतापगढ़ के शिक्षक श्याम प्रकाश मौर्य ने किया ऐसा काम कि राष्ट्रपति करेंगे सम्मान

Pratapgarh

प्रतापगढ़, 4 सितंबर 2024। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के परिषदीय विद्यालय के शिक्षक श्याम प्रकाश मौर्य को ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2024’ के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में प्रदान किया जाएगा। श्याम प्रकाश मौर्य प्रतापगढ़ के मान्धाता ब्लॉक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय, मल्हूपुर में कार्यरत हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने ‘राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2024’ के लिए देश भर से 50 शिक्षकों के नामों की घोषणा की है। चयनित शिक्षकों को पुरस्कार स्वरूप 50-50 हजार रुपए नगद, चांदी का मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत नवाचारात्मक तरीकों से पठन-पाठन को प्रोत्साहित किया है।

इस दिशा में उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा को बढ़ावा दिया है। विभिन्न ऐप्स के माध्यम से बच्चों के लिए पाठ्यक्रम को सुलभ बनाया जा रहा है। ऐसे शिक्षकों को, जो अध्ययन के नए-नए तरीकों को अपनाते हैं, उन्हें अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित श्याम प्रकाश मौर्य ने प्रतापगढ़ जनपद के मान्धाता विकासखंड के मल्हूपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में परिषदीय बच्चों को पीपीटी (प्रेजेंटेशन) के माध्यम से पढ़ाई कराई। वे प्रोजेक्टर के माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग कर बच्चों को इस प्रकार से पढ़ाते हैं कि वे विषयों को आसानी से समझ सकें।

2022 में, उन्होंने एक ऑनलाइन ग्रुप बनाकर पूरे जिले के बच्चों को राष्ट्रीय आय आधारित परीक्षा के लिए प्रेरित किया था। इसके परिणामस्वरूप, 785 चयनित बच्चों को 3.76 करोड़ की छात्रवृत्ति मिल रही है।

यह पुरस्कार देश भर के उन शिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है और अपने छात्रों के शैक्षिक एवं व्यवहारिक जीवन को नैतिकता व मूल्यों से समृद्ध बनाया है।