माइकल के भाई टीटो जैक्सन का 70 वर्ष की उम्र में निधन

माइकल के भाई टीटो जैक्सन का 70 वर्ष की उम्र में निधन

World

वाशिंगटन, 16 सितंबर 2024। पॉप संगीत की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है। दिवंगत पॉप गायक माइकल जैक्सन के भाई और गायक टीटो जैक्सन का 70 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टीटो का निधन गाड़ी चलाते समय दिल का दौरा पड़ने से हुआ। हालांकि, उनकी मौत की आधिकारिक वजह अब तक सामने नहीं आई है।

टीटो जैक्सन के निधन की खबर की पुष्टि जैक्सन परिवार के दोस्त और सहयोगी स्टीव मैनिंग ने की है। टीटो बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वह न केवल एक बेहतरीन गायक थे, बल्कि गिटार बजाने और डांस करने में भी माहिर थे। हाल ही में उन्होंने अपने भाई मार्लन जैक्सन के साथ इंग्लैंड में एक कार्यक्रम में प्रदर्शन किया था, जो उनकी ऊर्जा और संगीत के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

टीटो ‘जैक्सन 5’ के सदस्य भी रह चुके हैं। ‘जैक्सन 5’ 60 के दशक के अंत और 70 के दशक की शुरुआत में एक अंतरराष्ट्रीय तौर पर प्रसिद्ध म्यूजिक ग्रुप था। इस ग्रुप ने संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी और पॉप म्यूजिक को एक नई दिशा दी थी।

टीटो जैक्सन के निधन से जैक्सन परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है। इससे पहले, माइकल जैक्सन का 25 जून, 2009 को 50 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। टीटो के निधन से संगीत जगत में शोक की लहर है, और उनके प्रशंसक उनके योगदान को याद कर रहे हैं।