प्रतापगढ़ में संघ ने उत्साहपूर्वक मनाया विजयदशमी उत्सव

राम ही धर्म, राम ही अनुशासन और राम ही न्याय

Pratapgarh
  • प्रतापगढ़ में संघ ने उत्साहपूर्वक मनाया विजयदशमी उत्सव

प्रतापगढ़, 11 अक्टूबर 2024। नगर स्थित तुलसी सदन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा विजयदशमी का उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में संघ के प्रतापगढ़ विभाग के विभाग प्रचारक प्रवेश जी उपस्थित रहे। साथ ही विभाग संघचालक रमेश , विभाग कार्यवाह हरीश , जिला संघ चालक चिंतामणि, जिला कार्यवाह हेमंत और सह नगर संघचालक विजय ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

विभाग प्रचारक प्रवेश जी ने कहा कि विजयदशमी का उत्सव न केवल भारत में, बल्कि संपूर्ण विश्व में जहां भी सनातन धर्म के अनुयायी हैं, वहां धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें अपने अंदर के रावण रूपी अहंकार को त्यागने और धर्म रूपी राम के आचरण पर चलने का संकल्प लेने का संदेश देता है। उन्होंने कहा, राम ही राष्ट्र हैं, राम ही धर्म हैं, राम ही अनुशासन हैं, और राम ही न्याय हैं। हमें राम के सन्मार्ग पर चलते हुए समाज में समरसता कायम करनी चाहिए।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जब पूरा विश्व कई प्रकार के प्रयोग करके थक चुका है, तब भारत और सनातन धर्म की शिक्षाएं, विशेषकर गीता के उपदेश, दुनिया को सही दिशा दिखा रहे हैं। आज सभी देशों की निगाहें भारत पर टिकी हुई हैं, और यह भारत का कर्तव्य है कि वह दुनिया को सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करे।

इस अवसर पर प्रतापगढ़ के स्वयंसेवकों ने तुलसी सदन से शुरू होकर घंटाघर, श्रीराम चौराहा, शिवाजी चौराहा, ट्रेजरी चौराहा होते हुए भगवा चुंगी के रास्ते से वापस तुलसी सदन तक शोभायात्रा निकाली। यात्रा के दौरान सभी स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासन और भक्ति भाव का प्रदर्शन कर रहे थे। जगह-जगह पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा करके स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

इस उत्सव में नगर के प्रभा शंकर, शिवकुमार, विवेकानंद , विधायक राजेंद्र मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, शिव शंकर सिंह, देवानंद त्रिपाठी, अभय, अजय, सुमित, धीरज, अंकित, योगेश शर्मा, आशीष और शिवेश शुक्ला समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

यह उत्सव सामाजिक समरसता और सनातन धर्म के मूल्यों को प्रकट करने का एक सशक्त माध्यम बना।