• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ का मेधावी विशाल सरोज बना असिस्टेंट कमिश्नर, उत्तीर्ण की UPSC परीक्षा
प्रतापगढ़ का मेधावी विशाल सरोज बना असिस्टेंट कमिश्नर, उत्तीर्ण की UPSC परीक्षा

प्रतापगढ़ का मेधावी विशाल सरोज बना असिस्टेंट कमिश्नर, उत्तीर्ण की UPSC परीक्षा

प्रतापगढ़, 30 मार्च 2026। प्रतापगढ़ के मेधावी विशाल सरोज ने कम उम्र में बड़ी सफलता हासिल कर एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। विशाल सरोज ने देश की सबसे प्रतिष्ठित UPSC की परीक्षा में सफलता अर्जित किया है। रैंक के अनुसार विशाल सरोज का चयन असिस्टेंट कमिश्नर पद के लिए हुआ है। विशाल को मिली इस सफलता पर न केवल गांव के लोग बल्कि पूरे जिले के लोगों में खुशी दिख रही है।

विशाल जिले के सांडवा चंडिका ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कोल बजरडीह निवासी विजय बहादुर सरोज का पुत्र है।कम उम्र में विशाल सरोज इस कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा को पास कर अन्य युवाओं लिए एक प्रेरणा बन गया है। सामान्य और किसान परिवार से आने वाले विशाल की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनके चयन की खबर मिलते ही गांव में लोगों का तांता लग गया। हर कोई विशाल और उनके परिवार को बधाई देने पहुंच रहा है।

विशाल के पिता विजय बहादुर सरोज और उनकी माता इस उपलब्धि पर बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि विशाल बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी थे और उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था। उन्होंने लगातार मेहनत की और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी पीछे नहीं हटे। उनकी इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।

ग्रामवासियों ने बताया कि गांव जैसे छोटे स्थान से निकलकर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना अपने आप में एक बड़ी बात है। इससे यह संदेश जाता है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो संसाधनों की कमी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। गांव के बुजुर्गों और युवाओं ने एक स्वर में कहा कि विशाल ने पूरे गांव का मान बढ़ाया है और आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल पेश की है।

इस मौके पर गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी विशाल को सम्मानित करने की तैयारी शुरू कर दी है। क्षेत्र के लोग जल्द ही उनके स्वागत के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।

वरिष्ठ पत्रकार दिनेश सिंह चौहान और शिवकुमार पासी ने भी विशाल सरोज की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रतापगढ़ जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहन मिलना चाहिए ताकि वे आगे बढ़कर देश और समाज की सेवा कर सकें।