• Home
  • ऑटो
  • छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्रांति: राडा ऑटो एक्सपो 2026 में रोड टैक्स आधा
छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्रांति

छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्रांति: राडा ऑटो एक्सपो 2026 में रोड टैक्स आधा

रायपुर, 17 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ में ऑटोमोबाइल क्रांति की शुरुआत 20 जनवरी से होने जा रही है। रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) मध्य भारत के सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल मेला आयोजित कर रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एक प्रेस कांफ्रेंस में राडा ऑटो एक्सपो-2026 के आयोजन की आधिकारिक घोषणा की है। 17 दिवसीय मेला 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक चलेगा। यह आयोजन राजधानी रायपुर के श्री राम बिजनेस पार्क (ऑटो एक्सपो ग्राउंड) में होगा। राडा ऑटो एक्सपो-2026 छत्तीसगढ़ की प्रगतिशील आर्थिक छवि को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करेगा।

रोड टैक्स में मिलेगी आधी छूट

छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग ने इस एक्सपो के महत्व को समझते हुए एक युगांतरकारी निर्णय लिया है। ऑटो एक्सपो ग्राउंड से खरीदे हर गाड़ी पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50% की छूट मिलेगी। राडा ने इस अभूतपूर्व निर्णय को ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए गेम चेंजर करार दिया है।

छत्तीसगढ़ के सीएम करेंगे शुभारंभ

राडा ऑटो एक्सपो-2026 का औपचारिक शुभारंभ 21 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और परिवाहन मंत्री केदार कश्यप उपस्थिति होंगे।

रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद

राडा के अध्यक्ष रविंद्र भसीन और वरिष्ठ पदाधिकारियों अमर पारवानी, मनीष राज सिंघानिया, अनिल अग्रवाल, कैलाश खेमानी, जयेश पिथालिया, शशांक शाह, विवेक गर्ग, विवेक अग्रवाल और मुकेश सिंघानिया ने इस निर्णय के लिए राज्य सरकार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उम्मीद जताई है इस मौके पर वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री होगी।

पिछले एक्सपो में 29,000 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई थी। इस वर्ष 50,000 से अधिक वाहनों की बिक्री का विश्वास है।

वन स्टॉप सॉल्यूशन और विशेष आफर भी

इस एक्सपो को ग्राहकों की सुविधा और अनुभव को ध्यान में रखते हुए एक ही जगह सभी समाधान उपलब्ध कराने हेतु विश्वस्तरीय स्तर पर तैयार किया गया है।

  • ग्लोबल ब्रांड्स और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी: देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों के नवीनतम मॉडल, लक्जरी गाड़ियां और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की एक विस्तृत श्रृंखला यहां प्रदर्शित की जाएगी। ग्राहकों को एक ही स्थान पर सभी ब्रांड्स की तुलना करने का मौका मिलेगा।
  • त्वरित प्रक्रिया और ऑन-द-स्पॉट बुकिंग: ग्राहकों के लिए एक्सपो स्थल पर ही ऑन-द-स्पॉट बुकिंग की सुविधा होगी। साथ ही, विभिन्न बैंकों के स्टॉल्स के माध्यम से आकर्षक और आसान फाइनेंस स्कीम (कम ब्याज दर) और त्वरित इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

एचएसआरपी (HSRP) प्लेट लगाने के लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। सरकार की 50% टैक्स छूट और डीलर्स द्वारा दिए जाने वाले विशेष ऑफर्स के कारण ग्राहकों को लाखों रुपये तक की सीधी बचत होने की संभावना है।