रायपुर, 27 जनवरी 2026। रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (राडा) के ‘राडा ऑटो एक्सपो-26’ में भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रीराम बिजनेस पार्क में चल रहे एक्सपो में लगे वाहनों के स्टॉलों में पहुंचकर लोग वाहनों को देखते, टेस्ट ड्राइव करते और पसंद आने पर बुकिंग कराते रहे।
पूर्व मंत्री और रायपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक राजेश मूणत भी एक्सपो में पहुंचे। उन्होंने राडा ऑटो एक्सपो की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन ग्राहकों को एक ही स्थान पर वाहन खरीदी की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने महत्वपूर्ण है। गौरतलब है कि वाहनों की बिक्री का आंकड़ा 6 दिनों में 11 हजार पहुंच गया है।
रैम्प पर बिखरा फैशन का जलवा
राडा ऑटो एक्सपो स्थल पर संडे को फैशन शो में रैम्प पर प्रतिभागियों ने जलवा बिखेरा। प्रतिभागियों ने अपनी अदाओ से दर्शकों की वाहवाही लूटी। डांस ट्रुप ने भी मोहक प्रस्तुति दी। आयोजन रात तक चलता रहा। प्रतिभागियों ने अपने स्टाइलिश अंदाज से रैंप पर एंट्री की तो सभी की नजरें उन पर टिकी रह गईं। थीम बेस्ड ड्रेस में प्रतिभागी नजर आई।
ग्राहकों का जबर्दस्त रिस्पांस
राडा के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्राहकों का जबर्दस्त रिस्पांस मिल रहा है। राडा के अध्यक्ष रविंद्र भसीन, उपाध्यक्ष कैलाश खेमानी, सचिव विवेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश सिंघानिया, कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन और राडा के वरिष्ठ पदाधिकारी अमर पारवानी, फाडा के रिसर्च एंड एकेडमी के नेशनल चेयरमैन मनीष राज सिंघानिया, फाडा के पूर्व स्टेट चेयरमैन अनिल अग्रवाल, जयेश पिथालिया, शशांक शाह, फाडा के स्टेट चेयरमैन विवेक गर्ग ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
मौके पर ही एक्सचेंज, फाइनेंस, इंश्योरेंस
रायपुर ऑटो एक्सपो में छत्तीसगढ़ की जनता को एक ही स्थान पर सभी प्रकार के वाहन मॉडल एवं नवीनतम तकनीक से युक्त नए मॉडलों को देखने, परखने और चुनने का अवसर मिल रहा है। रायपुर ऑटो एक्सपो-2026 में देश के विभिन्न फाइनेंसर एवं बैंक न्यूनतम दरों पर वाहन ऋण उपलब्ध करा रहे हैं। इंश्योरेंस कंपनियां न्यूनतम दरों पर वाहन बीमा की सुविधा प्रदान कर रही हैं।
ऑल न्यू किआ सेल्टोस की लॉन्चिंग
विधायक राजेश मूणत ने एक्सपो में ऑल न्यू किआ सेल्टोस और न्यू पल्सर 125 लॉन्च की। दोनों वाहन बेहतरीन फीचर्स के साथ पेश की गई है। लॉन्च अवसर पर राडा के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ऑल न्यू किआ सेल्टोस की खासियत
ऑल न्यू किआ सेल्टोस 21 एडवांस फीचर्स से लैस है। यह पहले से ज्यादा अपडेटेड और नए फीचर्स, न्यू एक्सटीरियर और न्यू इंटीरियर लुक के साथ पेट्रोल और डीजल मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ नई डुअल पैन पैनोरमिक सनरूफ, बिल्कुल नया ट्रिनिटी डिस्प्ले, बोस के प्रीमियम स्पीकर, नए डिजाइन वाला 360 डिग्री कैमरा, एकदम नया डायनामिक वेलकम फंक्शन और बिल्कुल नए फ्लश डोर हैंडल जैसे एडवांस फीचर्स के साथ आती है।
बजाज की नई पल्सर 125 की खासियत
बजाज की नई पल्सर 125 में कई कॉस्मेटिक और फीचर अपडेट दिए गए हैं, जिससे यह बाइक अब ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम लगती है। यह मोटरसाइकिल कई कलर ऑप्शंस: ब्लैक ग्रे, ब्लैक रेसिंग रेड, ब्लैक स्यान ब्लू और रेसिंग रेड के साथ टैन बेज में उपलब्ध है। नए कलर शेड और अपडेटेड ग्राफिक्स के साथ पल्सर 125 बाइक एकदम फ्रेश और स्पोर्टी नजर आती है।















