• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ में 20 हेक्टेयर में होगी गेंदा की खेती, प्रशासन करेगा सहयोग
प्रतापगढ़ में 20 हेक्टेयर में होगी गेंदा की खेती, प्रशासन करेगा सहयोग

प्रतापगढ़ में 20 हेक्टेयर में होगी गेंदा की खेती, प्रशासन करेगा सहयोग

प्रतापगढ़, 31 जनवरी 2026। फूलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रतापगढ़ में गेंदा, ग्लैडियोलस समेत अन्य फसलों की खेती का लक्ष्य शासन ने निर्धारित किया है। जिला प्रशासन इस कार्य में किसानों का सहयोग करेगा।

मुख्य विकास अधिकारी डा. दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना वर्ष 2025-26 की जिला स्तरीय समिति की बैठक विकास भवन कार्यालय कक्ष में हुई। बैठक में जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने वर्ष 2025-26 में जायद मौसम हेतु निदेशालय उद्यान विभाग से प्राप्त भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों के अनुमोदन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजनान्तर्गत संकर शाकभाजी 65 हेक्टेयर, गेंदा की खेती 20 हेक्टेयर, ग्लैडियोलस 05 हेक्टेयर, प्याज की खेती 100 हेक्टेयर, एचडीपीई वर्मी बेड 10, मौन पालन-05, फेन्सिंग 3800 मीटर, सब्जियों पर मचान 15 हेक्टेयर, मसाला सीड (धनिया, मेथी, सौंज, जीरा) 3 हेक्टेयर, फ्रूट बैगिंग 10 हेक्टेयर व लो कास्ट मशरूम उत्पादन इकाई 01 लक्ष्य का प्राप्त हुआ है।

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि योजना का प्रचार-प्रसार कराते हुए प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर नियमानुसार कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जाय तथा प्रत्येक तीन दिन पर व्यक्तिगत रूप से प्रगति की सूचना उपलब्ध करायी जाय। तद्पश्चात प्रेषित प्रस्ताव पर मुख्य विकास अधिकारी एवं समिति के समस्त सदस्यों द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक में डीडीएम नाबार्ड अभिनव शुक्ला, एलडीएम नीरज सिंह, वैज्ञानिक केवीके महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त उद्योग जगत नारायण यादव, सचिव मण्डी समिति अमित गुप्ता, एसएमएआई वीरेन्द्र कुमार, अध्यक्ष औद्यानिक विपणन सहकारी समिति कुलदीप सिंह, औद्यानिक उत्पादक एवं विपणन सहकारी समिति सण्डौरा राम शिरोमणि, प्रगतिशील कृषक अंजनी शर्मा, राघवेन्द्र प्रताप सिंह एवं योजना प्रभारी विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।