रायपुर, 14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क हादसे के शिकार सीआरपीएफ के जवान सुबह 5 बजे जगदलपुर से निकले थे। तीन घंटे बाद 8.15 बजे उनकी कार ट्रक से जा टकराई। मिली जानकारी के मुताबिक डिजायर कार जिस पर सीआरपीएफ के जवान सवार थे, वह इतनी तेज चल रही थी कि सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के खपरी बाईपास के पास हुई।
कार के चालक समेत तीनों जवानों की इस हादसे में मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि यह जवान 201 बीएन कोबरा बटालियन में तैनात थे। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गयी है।
घटना की जानकारी होने पर वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के नाम की जानकारी खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।
सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो अन्य की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खपरी बायपास पर जगदलपुर बटालियन से आ रही एक डिजायर कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में मौके पर ही दो जवानों की मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।













