रायपुर में 7वीं छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप सम्पन्न, 2 लाख की इनामी राशि वितरित
रायपुर, 23 फरवरी 2026। चंदू लाल साहू की स्मृति में 7वीं छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एवं स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ पुलिस की माधुरी सोनवानी चर्चा में रहीं। माधुरी सोनवानी ने स्ट्रांग वूमेन का खिताब अपने नाम किया है।
7वीं छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एवं स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन लाखे नगर, पुरानी बस्ती रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में हुआ। महासचिव मानिक ताम्रकार ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई नए कीर्तिमान स्थापित हुए।
ये रहे चैंपियनशिप के विजेता
- स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में छत्तीसगढ़ पुलिस की माधुरी सोनवानी ने स्ट्रांग वूमेन का खिताब अपने नाम किया।
- पावर लिफ्टिंग में अंजना सिंह और मनेंद्रगढ़ की 74 वर्षीय कमला देवी मांगतानी ने मास्टर वर्ग में स्ट्रांग वूमेन बनकर सभी को प्रेरित किया।
- पुरुष वर्ग में दल्ली राजहरा के सागर यादव ने स्ट्रांग मेन का खिताब जीता।
- सब जूनियर वर्ग में रायपुर के आशीष यादव को स्ट्रांग मेन घोषित किया गया।
पुरस्कार में 2 लाख रुपये वितरित
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि ब्राह्मण पारा वार्ड के अजय साहू एवं प्रोटीन विला के डायरेक्टर दुर्गेश साहू रहे। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार 4000 रुपये, द्वितीय 3000 रुपये एवं तृतीय 2500 रुपये नगद राशि के साथ मेडल प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सभी स्ट्रांग मेन एवं वूमेन खिलाड़ियों को प्रोटीन विला की ओर से आकर्षक कप और 1500 रुपये की नगद राशि दी गई।
इस प्रतियोगिता में कुल 2 लाख रुपये की नगद राशि वितरित की गई, जो अब तक छत्तीसगढ़ में पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में दी गई सबसे बड़ी इनामी राशि मानी जा रही है।
नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शामिल होंगे विजेता
सभी प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ियों का चयन 1 से 4 अप्रैल तक आगरा में आयोजित नेशनल पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। विजयी एवं चयनित खिलाड़ियों में आशीष निषाद, देवेंद्र चौरका, नरेंद्र निषाद, यस सोनी, वेदांत साहू, हिमांशु, सागर यादव, सत्यजीत पृष्टि, रोहन तिवारी, जय नारायण अग्रवाल और योगेंद्र साहू शामिल हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन आयोजन सचिव ऐश्वर्य ताम्रकार ने किया।














