रायपुर, 27 फरवरी 2026। बिलासपुर संसदीय क्षेत्र के शहरी नियोजित विकास और यातायात सुगमता की दिशा में एक ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा के सांसद तोखन साहू के दूरदर्शी प्रस्ताव और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी ने 32 किलोमीटर लंबी बिलासपुर रिंग रोड परियोजना को अपनी सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
गडकरी ने सांसद तोखन साहू को पत्र प्रेषित कर अवगत कराया है कि परियोजना की व्यापक उपयोगिता एवं बिलासपुर की भविष्य की प्रशासनिक एवं औद्योगिक आवश्यकताओं को देखते हुए, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा इस मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और व्यवहार्यता अध्ययन तैयार करने की अनुशंसा कर दी गई है।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- लगभग 32 किमी लंबी यह रिंग रोड बोदरी से प्रारंभ होकर सेंदरी गांव (एनएच-130) तक निर्मित होगी।
- यह मार्ग उच्च न्यायालय और बिलासपुर हवाई अड्डे को कोरबा, कटघोरा और सीपत जैसे प्रमुख औद्योगिक नगरों से सीधा संपर्क प्रदान करेगा।
- शहर के मध्य से गुजरने वाले एनएच-49 और एनएच-130 के भारी वाहनों को अब शहर के बाहर से ही सुगम ‘बायपास’ प्राप्त होगा।
- इससे बिलासपुर के मुख्य बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के दबाव से नागरिकों को स्थाई राहत मिलेगी।
- यह रिंग रोड सिरगिट्टी और लालखदान जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को एनएच-130ए (रायपुर-धनबाद एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर) से सीधे जोड़ेगी।













