- छत्तीसगढ़ के चार बॉडी बिल्डरों ने टॉप-3 में बनाया स्थान
रायपुर, 28 फरवरी 2026। भुवनेश्वर में आयोजित 6 लाख रुपये की इनामी मि एंड मिस इंडिया बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में मिस्टर इंडिया का खिताब महाराष्ट्र के निलेश जोगी ने अपने नाम किया, जबकि मिस इंडिया का ताज कोलकाता की मिस बेबजानी केसी को मिला।
छत्तीसगढ़ बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के महासचिव मानिक ताम्रकार ने बताया कि राज्य गठन के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ के चार बॉडी बिल्डरों ने टॉप-3 में स्थान बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 60 किलो वजन वर्ग में परमानंद तांडी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 80 किलो वर्ग में राजेश यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पैरा बॉडी बिल्डिंग वर्ग में अश्विन सोनवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मेन्स फिजिक स्पोर्ट्स में भरत मंडावी ने द्वितीय स्थान हासिल कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। इसके अलावा 60 किलो वर्ग में ललित तांडी चौथे, 70 किलो वर्ग में विपुल मंडल चौथे और 60 किलो वर्ग में चंद्र कुमार कांत छठवें स्थान पर रहे। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन को राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया जा रहा है।
प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक के रूप में मध्यप्रदेश के मोहन सिंह राठौर, दिल्ली के संजीव शर्मा, आंध्र प्रदेश के शिवा प्रसाद एवं टी. ए. भास्करन, केरल के बाबू वीजी, छत्तीसगढ़ के मानिक ताम्रकार तथा मध्यप्रदेश के रितेश विरांग ने भूमिका निभाई। स्टेज मार्शल की जिम्मेदारी शेखर ने संभाली।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश साहू, आजीवन अध्यक्ष शिव मोहन शुक्ला, सीनियर उपाध्यक्ष कुंदन सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष गौरव सेन, जिला बॉडी बिल्डिंग अध्यक्ष हरिवल्लभ अग्रवाल और कोषाध्यक्ष हेमंत परमाले ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

















