• Home
  • छत्तीसगढ़
  • सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष निर्वाचित
सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष निर्वाचित

सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार प्रेस क्लब राजनांदगांव के अध्यक्ष निर्वाचित

राजनांदगांव, 15 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में प्रेस क्लब राजनांदगांव का प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव रविवार 15 मार्च 2026 को संपन्न हो गया। अध्यक्ष सहित तीन पदों को लेकर मतदान के जरिए चुनाव कराए गए। सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए। बसंत शर्मा कोषाध्यक्ष और अनिल त्रिपाठी सचिव पद के लिए चुने गए। रविवार को परिणाम सामने आने के बाद जीत का जश्न भी मनाया गया।

अध्यक्ष पद को लेकर हुए चुनाव में दो प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला था। सचिन अग्रहरि को 107 और कमलेश स्वर्णकार को 41 वोट हासिल हुए। सचिन ने 66 मत के अंतर से चुनाव में जीत हासिल की। सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी को कुल 74 वोट, विक्रम बाजपेयी 50, सुरेंद्र गुप्ता 12, मनोज राठौड़ 6 एवं योगेश शर्मा को 6 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद में बसंत शर्मा को 85 वोट रवि सिंह ठाकुर को 32 एवं प्रमोद शेंडे को 31 वोट हासिल हुए।

चुनाव में 148 ने डाला वोट

प्रेस क्लब चुनाव में कुल 158 मतदाता थे, जिनमें चुनाव के दौरान 148 वोटर्स ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चले मतदान की प्रक्रिया के बाद दोपहर तीन बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरु की गई। शाम पांच बजे तक परिणाम भी सामने आ गए। मतदाताओं का उत्साह ऐसा रहा कि पहली बार 93.67 प्रतिशत मतदान हुआ। अस्वस्थता और व्यस्तता के बाद भी कई मतदाताओं ने मतदान किया। चुनाव में निर्वाचन अधिकारी के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज, मनोज चौधरी, विमल हाजरा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा, खेमराज वर्मा, नंदिनी, खुशी, नितिन साहू शामिल रहे।

और बेहतर काम का रहेगा प्रयास: सचिन

जीत के बाद मीडिया से चर्चा में तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए सचिन अग्रहरि ने कहा कि यह जीत सभी सदस्यो की जीत है। पिछले दो कायर्काल में पत्रकारों के लिए आवासीय परिसर का आवंटन और वहां का संपूर्ण विकास कार्य कराया गया। इस कायर्काल में बचे कामों को पूरा कराने के साथ वंचित रहे गए पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। इस बार भी पहले से और बेहतर करने का प्रयास होगा।