रायपुर, 20 मार्च 2026। अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को नमन करने के लिए इस वर्ष छत्तीसगढ़ का युवा ‘जन-आंदोलन’ का हिस्सा बनेगा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म ने प्रदेश के सभी 33 जिलों में 23 मार्च को एक व्यापक राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा तैयार की है।
आयोजनों की मुख्य थीम ‘माय भारत, मेरी जिम्मेदारी’ रखी गई है। अभियान का मुख्य आकर्षण 23 मार्च को निकलने वाली विशाल पदयात्रा होगी, जिसमें हजारों युवा शामिल होकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लेंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 19 मार्च से ही डिजिटल क्विज और रील मेकिंग जैसी आधुनिक प्रतियोगिताओं के साथ हो चुकी है, ताकि तकनीक के माध्यम से युवाओं को इतिहास से जोड़ा जा सके।
माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को केवल दर्शक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में ‘परिवर्तन का वाहक’ बनाना है। 22 मार्च को ‘सिविक सेंस चैलेंज’ के तहत स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और श्रमदान की गतिविधियां होंगी। 23 मार्च को पूरे प्रदेश में श्रद्धांजलि सभाएं और पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।















