रायपुर, 11 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में गुपचुप तरीके से पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गयी है। 1 अप्रैल 2026 से राज्य में पेट्रोल के दाम में 1 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी गई है, जिसके बाद अब राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब कुछ ही दिन पहले केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कमी करने का ऐलान किया था। सरकार ने दावा किया था कि इस कदम से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में गिरावट देखने को मिलेगी। इसके साथ ही तेल कंपनियों द्वारा कीमतें स्थिर रखने की बात भी कही गई थी।
छत्तीसगढ़ में स्थिति इसके उलट नजर आ रही है। यहां पहले पेट्रोल की कीमत लगभग 99 रुपये प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 100 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
आम जनता का कहना है कि महंगाई पहले से ही बढ़ी हुई है, ऐसे में पेट्रोल की कीमतों में इजाफा रोजमर्रा के खर्चों को और बढ़ा देगा। परिवहन लागत बढ़ने से अन्य वस्तुओं के दाम पर भी इसका असर पड़ सकता है।
छत्तीसगढ़ में विपक्षी दल अभी इस मुददे को लेकर खामोश है। प्राय: यह देखने को मिलता है कि जनहित के मामलों में विपक्षी दल खामोश रहते हैं। वे केवल उन्हीं मामलों में आगे आते हैं जिसमें शीर्ष नेताओं को खुश करने का रास्ता रहता है।
अचानक और गुपचुप तरीके से पेट्रोल की कीमतों में हुई इस वृद्धि ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले समय में कीमतों में और बदलाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। आम उपभोक्ता अब उम्मीद कर रहे हैं कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी, जिससे उन्हें राहत मिल सके।