छत्तीसगढ़

कल्याण ज्वेलर्स में थी डकैती की योजना, पुलिस की सक्रियता से वारदात नाकाम

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अगस्त 6, 2026
1 min read 1.2k views
plan to rob Kalyan Jewellers

रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दिल्ली और बिहार के लुटेरों के गिरोह ने डकैती की योजना बना रखी थी। यह डकैती पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डालने का ताना-बाना बुना गया था। पुलिस को इसकी भनक लगी तो लुटेरों की खोजबीन शुरू कर दी गई। थाना गुढ़ियारी पुलिस की सक्रियता से लुटेरे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे से गिरफ्तार कर लिये गए।

डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा ने मीडिया को बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर गुढ़ियारी पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका लक्ष्य पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती को अंजाम देना था। जांच में सामने आया कि गिरोह ने वारदात से पहले ज्वेलर्स की रेकी भी की थी। एक आरोपी ने दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के इलाके और भागने के संभावित रास्तों का बारीकी से निरीक्षण किया था। फरार आरोपी मोबाइल के जरिए लगातार रेकी की तस्वीरें साझा कर योजना को अंतिम रूप दे रहे थे।

दिल्ली और बिहार के हैं लुटेरे

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी देवांश शर्मा (19), सुशांत कुमार पासवान (19) तथा बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मयंक सिंह (19) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में करोड़ों रुपये के आभूषणों से जुड़ी एक संभावित बड़ी डकैती टल गई। इस कार्रवाई को डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पांडेय और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना गुढ़ियारी पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार और संपादक हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में वह ASR24 News के मुख्य संपादक के रूप में कार्यरत हैं। रमेश मुख्य रूप से राजनीति, सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों पर गहराई से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और समय पर जानकारी पहुँचाना है। आप उनसे उनकी आधिकारिक ईमेल और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से जुड़ सकते हैं। https://www.facebook.com/asr24news https://twitter.com/asr24news https://www.youtube.com/@asr24news