रायपुर, 5 मई 2026। राजनीति में महिला मतदाता को साधना बेहद अहम हो गया है। छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा को महिला कांग्रेस की राज्य इकाई का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।
संगीता सिन्हा बालोद जिले के संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। छत्तीसगढ़ में 2023 में हुए विधनसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये उनके बैंक खाते में भेजे जाने की घोषणा की थी। इसका परिणाम रहा कि महिलाओं ने भाजपा का पुरजोर समर्थन किया।
भारतीय जनता पार्टी ने इसी तरह की योजनाओं का प्रयोग महाराष्ट्र, बिहार और अब पश्चिम बंगाल के चुनाव में किया। इन सभी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी का प्रयोग सफल रहा है। ऐसे में कांग्रेस की नजर छत्तीसगढ़ में आधाी आबादी पर है।
कांग्रेस को उम्मीद है कि श्रीमती संगीता सिन्हा के नेतृत्व में महिला मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में किया जा सकेगा। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने भिलाई पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास में भेंट किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवीन दायित्व के लिए संगीता सिन्हा को शुभकामनाएं दी। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा- आधा आबादी को पूरा हक दिलाने की लड़ाई में आपका नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, ऐसा हम सबको विश्वास है।
इस मौके पर संगीता सिन्हा के साथ उनके पति, पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा भी उपस्थित रहे।