बिलासपुर में गुंडागर्दी करने वाले 513 पर कार्रवाई, मचा हड़कंप

बिलासपुर, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने गुंडागर्दी करने वाले 513 गुंडों पर कार्रवाई की है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 513 प्रकरणों पर वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों, शराबखोरों, निगरानी बदमाशों और बिना नंबर प्लेट वाहनों पर चलने वालों को टारगेट किया। कई जगहों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बदमाशों की उठक-बैठक कराकर सरेआम माफी मंगवाई, ताकि जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो और अपराधियों में पुलिस का खौफ कायम रहे।

थानों में हुई कार्रवाई का पूरा ब्योरा

  • थाना सिविल लाइन में धारा 151 के तहत 55, धारा 107/116 के 76, आर्म्स एक्ट के 11, धारा 128 के 09 और धारा 129 के 08 मामलों में कार्रवाई की गई।
  • कोतवाली में धारा 151 के 21, धारा 107/116 के 93 और आर्म्स एक्ट के 02 प्रकरण दर्ज हुए।
  • तोरवा क्षेत्र में धारा 151 के 11, आर्म्स एक्ट के 03 और चाकूबाजी के 02 मामले सामने आए।
  • सरकंडा में सबसे अधिक कार्रवाई दर्ज की गई, जहां धारा 151 के 55, धारा 107/116 के 130 और आर्म्स एक्ट के 15 मामलों में कार्रवाई हुई।
  • कोनी में धारा 151 का 01 मामला, चकरभाठा में धारा 151 के 13 और आर्म्स एक्ट का 01 मामला तथा सिरगिट्टी में धारा 151 के 03 और आर्म्स एक्ट के 04 मामलों में कार्रवाई की गई।

लोगों ने ली राहत की सांस

लगातार बढ़ती चाकूबाजी, सड़क पर हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों के बीच पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से आम जनता ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि इस अभियान से शहर में डर नहीं, बल्कि कानून का राज मजबूत हो रहा है।