मण्डला में जन शिक्षण संस्थान प्रस्तुत कर रहा समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण : शिखा

मण्डला, 20 मई 2026। मध्य प्रदेश के मण्डला में जन शिक्षण संस्थान समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। यह कहना है स्थानीय परिवाद समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा श्रीवास्तव का। वे संस्थान द्वारा आयोजित नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थीं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि अनेक महिलाएं आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के कारण शहरों के कॉलेजों एवं संस्थानों तक नहीं पहुंच पातीं। जन शिक्षण संस्थान द्वारा उनके गांवों तक पहुंचकर नि:शुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराना समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं स्वाभिमानी बनाना है ताकि वे स्वयं रोजगार प्राप्त कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।

बता दें जन शिक्षण संस्थान मण्डला द्वारा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया है। प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन संस्थान के नवीन कार्यालय आंगन तिराहा गोयल भवन में किया गया।

संस्थान के निदेशक अखिलेश पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जन शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित यह पहल प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत एवं महिला सशक्तिकरण के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने का कार्य कर रही है।

संस्थान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने, स्वरोजगार अपनाने तथा अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को सशक्त रूप से निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है। यह प्रयास न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ा रहा है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम में अनेक प्रशिक्षार्थी महिलाओं, प्रशिक्षकों एवं संस्थान के सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं रोजगार के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षिका एवं प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त लाभों एवं अपने अनुभवों को साझा किया।

संस्थान द्वारा भविष्य में भी सिलाई, ब्यूटी पार्लर, हस्तशिल्प एवं अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने की बात कही गई। ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु जन शिक्षण संस्थान के प्रयासों की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्रशिक्षिका श्रीमती राधा ने की। इस अवसर पर संस्थान राकेश सिन्धिया, प्रमोद परमार, रामकृण धुर्वे एवं स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शमशाद बेगम ने किया।