भाजपा विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में रचाया विवाह, डिप्टी सीएम ने दिया आशीर्वाद

रायपुर, 31 मई 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे बेमेतरा में रविवार, 31 मई 2026 का दिन बेहद खास और यादगार रहा। बेमेतरा विधानसभा के भाजपा विधायक दीपेश साहू ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए तरुणा साहू के साथ परिणय सूत्र में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की।

विधायक का यह फैसला न केवल चर्चा का विषय बना, बल्कि सादगी और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रति प्रेम का एक बड़ा संदेश भी दिया। विधायक दीपेश साहू की बारात ने लोगों का दिल जीत लिया। आधुनिक चकाचौंध से दूर, यह बारात पूरी तरह से ग्रामीण परिवेश और छत्तीसगढ़ी संस्कृति में रची-बसी थी। विधायक स्वयं सजी-धजी बैलगाड़ी में सवार होकर विवाह स्थल पहुंचे। उनके साथ इस अनूठी बारात में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी शामिल हुए।

जैसे ही बारात स्थल पर पहुंची, वहां का नजारा देखते ही बनता था। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक ‘गुदुम बाजा’ की थाप पर उपमुख्यमंत्री, विधायक और अन्य बाराती जमकर थिरकते नजर आए। पारंपरिक लोक गीतों और बाजों की गूंज ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। स्थानीय लोगों के लिए यह एक दुर्लभ और अविस्मरणीय पल था, जब उनका जन-प्रतिनिधि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर विवाह के बंधन में बंध रहा था।

25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

इस सामूहिक विवाह आयोजन में विधायक दीपेश साहू और तरुणा साहू के साथ कुल 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। शासन की ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में आडंबरों को कम करना और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के विवाह को सुगम बनाना है। एक विधायक का इस योजना के तहत सामूहिक विवाह में शामिल होना समाज में एक बड़ा उदाहरण पेश करता है कि सादगी में ही विवाह की असली गरिमा है।

उमड़ा जनसैलाब

विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक जुटे थे। सभी ने नव-विवाहित जोड़ों को सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सभी जोड़ों को उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और विधायक दीपेश साहू की सादगी की प्रशंसा की।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है और वे इस सादगी भरे आयोजन के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक संदेश देना चाहते हैं।