रायपुर के कुशाद गणोरकर ने जीता सिल्वर मेडल

रायपुर, 21 जून 2026। 12वीं रैंकिंग ओपन राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप में रायपुर के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का मान बढ़ाया है। झारखंड की राजधानी रांची में 17 से 21 जून तक चली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रायपुर के कुशाद गणोरकर ने अंडर 10-12 वर्ष आयु वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया।

इसी चैंपियनशिप के 14 वर्ष आयु वर्ग में सिद्धांत कटरे ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले इन खिलाड़ियों की सफलता पर खेल जगत में खुशी की लहर है।

रायपुर वापसी पर कुशाद और सिद्धांत का उनके माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कुशाद के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वे स्वयं भी वॉलीबॉल के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं।