जन शिक्षण संस्थान, मण्डला में सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ

मण्डला, 7 जुलाई 2026। मध्य प्रदेश के मण्डला में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित जन शिक्षण संस्थान द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डला के सचिव न्यायाधीश तपन धार्गा ने किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ सिद्धि पाण्डेय द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय कुमार खोवरगणे, स्थानीय परिवाद समिति की जिला अध्यक्ष एवं पैरा लीगल वालेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव तथा पर्यावरणविद राजेश क्षत्रिय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रारम्भ में जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अखिलेश पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि जन शिक्षण संस्थान का उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने प्रशिक्षणाथिर्यों से प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ लेकर अपने कौशल को आजीविका से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि न्यायाधीश तपन धार्गा ने अपने संबोधन में कहा कि कौशल विकास के साथ अपने विधिक अधिकारों की जानकारी भी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को नि:शुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

जिला विधिक सहायता अधिकारी विजय कुमार खोवरगणे ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं कानूनी परामर्श जैसी सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय तक सरल एवं निःशुल्क पहुँच उपलब्ध कराना प्राधिकरण का उद्देश्य है।

स्थानीय परिवाद समिति की जिला अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न (POSH Act, 2013) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने वन स्टॉप सेंटर,, She-Box:http://shebox.gov.in ऑनलाइन पोर्टल, महिला हेल्पलाइन 1091 तथा राष्ट्रीय महिला हेल्पलाइन 181 एवं के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

पर्यावरणविद् राजेश क्षत्रिय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जल संरक्षण, पौधरोपण, स्वच्छता तथा प्लास्टिक के कम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और महिलाएँ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

कार्यक्रम का संचालन दिवाकर द्विवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जन शिक्षण संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक-प्रशिक्षिकाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।