छत्तीसगढ़

हज कमेटी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को दिया उपहार

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जुलाई 15, 2026
1 min read • 1.2k views
हज कमेटी अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को दिया उपहार

रायपुर, 15 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के माध्यम से हज 2026 के तहत हजयात्रा पर गए सभी हज यात्रियों की सकुशल वापसी और हजयात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर खुशी जताई है। मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज़ बेग ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को हजयात्रा का तबर्रुक (प्रसाद) पवित्र जल आब-ए-ज़म ज़म प्रदान किया।

इस अवसर पर श्री बेग ने हज 2026 के लिए प्रदेश के हज यात्रियों के लिए की गई समुचित व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कैबिनेट मंत्री डॉ. श्याम बिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया। श्री बेग ने बताया कि हजयात्रा के दौरान प्रदेश के हज यात्रियों द्वारा देश एवं प्रदेश की तरक्की और खुशहाली के लिए भी विशेष रूप से दुआएं की गई।

उन्होंने बताया कि संपूर्ण हजयात्रा में राज्य के किसी भी हजयात्री को कोई परेशानी नहीं हुई। किसी प्रकार की अप्रिय घटना, दुर्घटना की भी कोई ख़बर नहीं मिली है। अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष सर्वाधिक 813 हज यात्रियों ने पवित्र हज की इबादत का सौभाग्य प्राप्त किया।

श्री बेग ने आगामी वर्ष हज 2027 की तैयारी की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। हज 2027 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया इन दिनों जारी है। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय रायपुर में भी ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए ई-सुविधा केंद्र प्रारंभ किया गया है। हजयात्रा पर जाने के इच्छुक लोग यहां पहुंच कर हज फॉर्म भर रहे हैं।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।