Join US

निशार अहमद और मधु अहीर बने स्ट्रॉन्गेस्ट चैंपियन

रायपुर, 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एवं स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रायपुर में पावर एंड स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग में निशार अहमद ने स्ट्रॉन्ग मेन आफ इंडिया और महिला वर्ग में मधु अहीर ने स्ट्रॉन्ग वुमेन आफ इंडिया का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि ताम्रकार युवा समाज के अध्यक्ष धीरज ताम्रकार और प्रदेश बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश साहू ने विजेताओं को क्रमश: 7 हजार और 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार तथा पांच फीट ऊंची बिग कप से सम्मानित किया।

जूनियर वर्ग में यशवर्धन सोनी स्ट्रॉन्ग मेन बने, जबकि सब-जूनियर वर्ग में ओडिशा के असीम बेहरा और मास्टर वर्ग में निशार अहमद ने खिताब जीता। महिला वर्ग में जूनियर का खिताब मधु अहीर, सब-जूनियर का अंकिता राठौर और मास्टर वर्ग का खिताब जबलपुर की मंजू लता इंग्ले ने जीता। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक पंजाब के मनप्रीत सिंह, जम्मू-कश्मीर के रमन शर्मा, हरियाणा के मनदीप सिंह, पंजाब के कमलप्रीत सहित अन्य निर्णायकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। छत्तीसगढ़ की महिला रेफरी अंजना सिंह और दीपिका ने भी निर्णायक मंडल में भूमिका निभाई।

गोल्ड मेडल पर इन खिलाड़ियों का कब्जा

पावर लिफ्टिंग के पुरुष वर्ग में नवीन चंद्र कपूर, प्रतीक चंद्राकर, रोहित जेठिया, असीम बेहरा, यशवर्धन सोनी, पीयूष यादव, योगेश साहू, हेमचंद्र कोराम, शेख सैफुल्लाह, हर्ष गोस्वामी, विवेक जांगड़े, अमित बेहरा, गुरप्रीत छाबड़ा, सुमित बघेल, निशार अहमद, मयंक सोनी, जय नारायण अग्रवाल, प्रवीण पटेल, रवींद्र माकर, दीपांकर घोष, तुषार टेंभरे, संदीप पैकरा और अमन पोद्दार ने स्वर्ण पदक जीते। महिला वर्ग में माही गुप्ता, अंकिता राठौर, नम्रता नायक, पायल महापात्र, मंजू इंग्ले, शकुंतला तांती, मधु अहीर, हाजरा बानो, बरसा मोदक और बबली दुबे स्वर्ण पदक विजेता रहीं। स्ट्रेंथ लिफ्टिंग में पुरुष वर्ग के यश काची, तेजस हेडउ, तुषार श्रीवास्तव, वंश सहगल, सौरभ यादव, हर्ष गोस्वामी, प्रदीप पटेल, आकाश चंद्राकर, मयंक सोनी, रविशंकर दुबे और रॉबर्ट एम. कामरा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। मास्टर वर्ग में विकास गुप्ता, नीलेश दास और गुरुचरण श्रीवास्तव विजेता रहे।

वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पावर लिफ्टरों का चयन 3 से 6 दिसंबर तक बटाला, अमृतसर (पंजाब) में होने वाली वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। ओडिशा के प्रशांत कुमार दास ने 250 किलोग्राम स्क्वाट कर विशेष प्रदर्शन किया और उन्हें 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम का संचालन ऐश्वर्या ताम्रकार ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एसोसिएशन के महासचिव माणिक ताम्रकार ने सराहा। समापन अवसर पर ओडिशा के प्रशांत दास ने आभार व्यक्त किया।