रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की बेटी ने नीदरलैंड की बहू बनकर सुर्खियों में है। इस इंटरनेशल मैरिज की खास बात यह रही कि, इसकी रस्में छत्तीसगढ़ में ही संपन्न हुई।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भुईगांव की क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड के निवासी क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम के साथ विवाह कर लिया है। दोनों के विवाह का प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यह अंतरराष्ट्रीय विवाह क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
विवाह की कानूनी औपचारिकताएं जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर कार्यालय में पूरी की गईं। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल भुईगांव निवासी हैं, जबकि 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम नीदरलैंड के रहने वाले हैं। विवाह प्रमाण पत्र में क्रिस्टीना के पिता का नाम हनोल नथेनियल और क्रिस्टीयान के पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम दर्ज है।
विवाह संबंधी दस्तावेजों के मुताबिक, दोनों ने जिला कलेक्टर कार्यालय में विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में धारा-5 के तहत विवाह की घोषणा की। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी किया गया। कार्यालय परिसर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनके सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों का ध्यान इस विवाह की ओर गया।
नीदरलैंड में नौकरी के दौरान हुई मुलाकात
बताया गया है कि क्रिस्टीना वर्तमान में नीदरलैंड में नौकरी करती हैं। वहीं उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान से हुई। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई। एक-दूसरे को समझने और साथ जीवन बिताने का निर्णय लेने के बाद दोनों ने विवाह करने का फैसला किया। इस रिश्ते की खास बात यह है कि दोनों परिवारों ने भी उनके निर्णय का समर्थन किया। परिवारों की सहमति और आपसी समझ के बीच दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह का रूप दिया।
स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना विवाह
भुईगांव की बेटी और नीदरलैंड के युवक के विवाह की खबर सामने आने के बाद यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा में है। अलग-अलग देशों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले दो लोगों का विवाह यह भी दर्शाता है कि विदेश में पढ़ाई या नौकरी के दौरान बनने वाले रिश्ते किस तरह जीवन के स्थायी संबंध में बदल सकते हैं। विवाह प्रमाण पत्र जारी होने के बाद क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान का यह विवाह जांजगीर-चांपा जिले में लोगों के बीच खासा चर्चा में है।
