प्रतापगढ़, 17 अक्टूबर 2026। यूपी के प्रतापगढ़ में पीईटी-2026 की परीक्षा 21 केंद्रों पर होगी। इस परीक्षा में 52272 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 01 नवम्बर 2026 को आयोजित होगी। इस परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से एनआईसी सभागार में बैठक हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया शामिल हुए। बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) प्रेमचंद मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने पीईटी परीक्षा की तैयारियों एवं आयोग की आगामी परीक्षाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
जनपद प्रतापगढ़ में पीईटी-2026 के लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 52,272 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 8,712 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने आयोग के सचिव को अवगत कराया कि पीईटी परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा केन्द्रों पर 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 21 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है।
परीक्षा में लगाए गए अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर उन्हें आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
साथ ही परीक्षा की गोपनीयता, शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। बैठक में सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
