देश

कोलकाता के दुर्गा पंडाल में भगदड़, 19 श्रद्धालुओं की मौत

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 17, 2026
1 min read • 1.2k views
कोलकाता के दुर्गा पंडाल में भगदड़

कोलकाता, 17 अक्टूबर 2026। नवरात्रि की सप्तमी पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दुखद घटना घट गयी। यहां चोरबागान के दुर्गा पंडाल में दर्शन पूजन के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में समाचार लिखे जाने तक 19 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है और 40 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर है। मृतकों में 14 महिलाएं, 4 पुरुष और एक 7 साल का बच्चा शामिल है। हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी होते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचें। उनके साथ मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल और कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पंडाल समिति के सभी सदस्यों को थाने बुलाने का निर्देश दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस, अग्निशमन दल और आपातकालीन बचाव दल भी मौके पर तैनात है।

सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया

हादसे के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। लोग 18003455678 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख जताया है।

उन्होंने कहा, चोर बागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के बारे में जानकर गहरा सदमा लगा। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं, और उनके परिवारों को इस कठिन समय में हिम्मत और हौसला मिले।

कोलकाता पुलिस ने कहा, शाम करीब 7:40 बजे बारिश के बीच भारी भीड़ के कारण गिरीश पार्क पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चोर बागान पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई। अब इस पूजा पंडाल को दर्शकों के लिए बंद कर दिया गया है। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए MCH भेज दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लगभग 35 लोगों को MCH भेजा गया है।

श्रद्धालुओं ने लगाए लापरवाही के आरोप

एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, प्रवेश और निकास द्वार बहुत संकरा था। वहां रोशनी का कोई इंतजाम नहीं था। मेरी बेटी और पोती अस्पताल में भर्ती हैं। एक दर्शनार्थी ने कहा, सब लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। वे गिर रहे थे और कुचले गए।

एक अन्य दर्शनार्थी ने कहा, बारिश के दौरान लोग बचने के लिए मंडप में घुसने लगे और इसी दौरान भारी भीड़ बढ़ गई और ज्यादा लोग एक साथ घुसने से भगदड़ मच गई। कोलकाता के चोरबागान सर्वजनिन दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में ये भगदड़ मची है। बताया जा रहा है कि सप्ताहांत होने की वजह से पंडाल में लोगों की भीड़ ज्यादा थी।

इसी बीच बारिश भी होने लगी, जिससे बचने के लिए लोग पंडाल में घुसने लगी। पंडाल में क्षमता से ज्यादा लोग आ गए और अफरा-तफरी की स्थिति मच गई। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि पंडाल का एक हिस्सा ढहने से भगदड़ मची है।

प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, कोलकाता में मची भगदड़ अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।