विदेश

यूएई ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को दिया सर्वोच्च सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 28, 2026
1 min read • 1.2k views
यूएई ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को दिया सर्वोच्च सम्मान

अबू धाबी, 28 अक्टूबर 2026। यूएई ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। बता दें कैप्टन स्मित मच्छार ने फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाइजैक होने से बचाने के लिए जान की बाजी लगा दी थी। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मच्छार समेत विमान के अन्य चालक दल सदस्यों को प्रथम श्रेणी के ‘ऑर्डर ऑफ जायद II’ से सम्मानित किया है।

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने चालक दल को यह सम्मान प्रदान किया। दुबई मीडिया ऑफिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। यूएई के नेतृत्व ने चालक दल की त्वरित कार्रवाई, जिम्मेदारी और व्यावसायिक दक्षता की सराहना करते हुए कहा, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना देश की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। राष्ट्रपति ने चालक दल के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान यूएई के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह सम्मान 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई घटना के बाद दिया गया है। दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के कॉकपिट में सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला कर दिया था और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी। यूएई के अभियोजकों की जांच के अनुसार, आरोपी की मंशा विमान को इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त कर बड़े पैमाने पर जानमाल का नुकसान पहुंचाने की थी।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों ने हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू में किया। विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे की ओर मोड़ा गया, जहां उसे सुरक्षित उतारा गया। इस घटना में विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान बच गई।

घटना के बाद शेख हमदान ने अस्पताल में कैप्टन मच्छार से मुलाकात कर उनके साहस और मानव जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की थी। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनकी बहादुरी की प्रशंसा की थी। इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने भी कैप्टन मच्छर को स्वस्थ होने के बाद देश के नागरिक वीरता सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।