छत्तीसगढ़

बालोद के 15 गांव में सभी घरों में लगेंगे सोलर पैनल

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 21, 2026
1 min read • 1.2k views
बालोद के 15 गांव में सभी घरों में लगेंगे सोलर पैनल

रायपुर, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 15 गांव के सभी घरों में सोलर पैनल लगेंगे। यह पहल कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने की है। उन्होंने इसके लिए ‘प्रोजेक्ट दिनकर’ प्रारंभ किया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रोजेक्ट दिनकर’ के तहत प्रथम चरण में चयनित 15 ग्रामों के सरपंच एवं सचिवों से चर्चा कर इस उल्लेखनीय पहल की जानकारी उन्हें दी।

बैठक में बताया गया कि प्रोजेक्ट दिनकर के अंतर्गत प्रथम चरण में चयनित सभी 15 ग्रामों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जीकृत (सोलर विलेज) किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को निःशुल्क बिजली के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

इन चयनित ग्रामों में ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के अंतर्गत हितग्राहियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त अंशदान नहीं लिया जाएगा। यह योजना पूर्णतः शून्य अंशदान पर आधारित होगी। इसके तहत ग्रामीणों के घरों में 2 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इसका संपूर्ण व्यय केंद्र एवं राज्य शासन की सब्सिडी एवं निर्धारित मॉडल के माध्यम से वहन किया जाएगा।

सोलर पैनल लगने से ग्रामीणों का बिजली बिल शून्य हो जाएगा तथा गांवों में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित आवासों के साथ ही अन्य सभी घरों में प्राथमिकता के साथ सोलर पैनल स्थापित किए जाएं।

प्रोजेक्ट दिनकर के तहत गांवों के सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्ट्रीट लाइटों को भी सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित रूप से कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्थानीय स्तर पर आजीविका संवर्धन हेतु महिला स्व-सहायता समूहों को वेंडर बनाया जाएगा तथा इसके लिए आवश्यक वेंडर रजिस्ट्रेशन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त होने वाली सब्सिडी की राशि संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) के खाते में जाएगी, जिसके लिए हितग्राहियों से सहमति पत्र प्राप्त किया जाएगा।

प्रथम चरण में ग्राम उकारी, नलकसा, हिड़कापार, कुंवागोंदी, कोपेडेरा, तुएदण्ड, दुहकाटोला, कुमुडकट्टा, गैंजी, परसुटोला, जमही, अड़जाल, कामता, औराटोला तथा गुजरा को शत प्रतिशत सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किया जाएगा।

इसके लिए अब संबंधित ग्राम के सरपंच एवं सचिवों द्वारा ग्राम स्तर पर ग्रामीणों की बैठक लेते हुए इस अभिनव पहल के संबंध में जानकारी दी जाएगी तथा उनसे सहमति पत्र प्राप्त कर इस पहल की शुरूआत की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ आदि उपस्थित रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।