धर्म

122 दिनों से चल रहे श्री आशारामायण पाठ का समापन, 21 कुंडीय यज्ञ-हवन में शामिल हुए 1000 श्रद्धालु

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 25, 2026
1 min read • 1.2k views
122 दिनों से चल रहे श्री आशारामायण पाठ का समापन, 21 कुंडीय यज्ञ-हवन में शामिल हुए 1000 श्रद्धालु

रायपुर, 25 नवंबर 2026। चतुर्मास पर 122 दिनों से विभिन्न साधक परिवारों के निवास पर निरंतर आयोजित किए जा रहे श्री आशारामायण पाठ का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन हो गया। रायपुर के वीआईपी रोड स्थित संत श्री आशारामजी बापू आश्रम में समापन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। वर्ष 2026 में आयोजित इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान के समापन समारोह में लगभग 1000 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 7:30 बजे गुरुप्रार्थना एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात पूज्य संत श्री आशारामजी बापू की जीवनलीला, साधना, तपस्या एवं परिव्रज्या पर आधारित पावन ग्रंथ श्री आशारामायण का सामूहिक पाठ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्ति भाव से पाठ में सहभागिता की। 122 दिनों तक विभिन्न साधक परिवारों के घरों में आयोजित इस पाठ के माध्यम से घर-घर में सत्संग, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार हुआ।

सामूहिक पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात 21 कुंडीय यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के दौरान महामृत्युंजय मंत्र का सामूहिक उच्चारण करते हुए पूज्यश्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं शीघ्र रिहाई की मंगलकामना की गई। संपूर्ण यज्ञ परिसर वैदिक मंत्रों एवं भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

इसके उपरांत आश्रम परिसर में पूज्यश्री की मंगल आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सम्मिलित होकर गुरुचरणों में अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित की। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के पश्चात आश्रम परिसर में विशाल आम भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक भोजन प्रसादी ग्रहण की।

आश्रम संचालक रामाभाई ने बताया कि चतुर्मास के दौरान विगत कई वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है। 122 दिनों तक चले इस सामूहिक श्री आशारामायण पाठ का भव्य समापन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, गुरु-भक्ति, सामूहिक साधना एवं आध्यात्मिक एकता का प्रेरणादायी अवसर बना। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह, अनुशासन एवं सेवाभाव विशेष रूप से देखने को मिला।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।