Join US

छत्तीसगढ़ चेम्बर की कार्यकारिणी में आये सदस्यता शुल्क बढ़ाने जैसे कई सुझाव

रायपुर, 8 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ चेम्बर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की बैठक मंगलवार को चैंबर कार्यालय, चौ. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन, बाम्बे मार्केट, रायपुर में आयोजित हुई।

बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें पिछली कार्यकारिणी बैठक की कार्यवाही का पठन और अनुमोदन, 80 नए सदस्यता आवेदनों की स्वीकृति, 12 सदस्यों के फर्मों के नाम, स्थान और प्रतिनिधियों के नाम में परिवर्तन, 2000 रुपये से अधिक के खर्चों की स्वीकृति, और अन्य विषयों पर विचार-विमर्श शामिल रहा। सभी प्रस्तावों को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।

चेम्बर के कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा ने पिछली बैठक की कार्यवाही का पठन किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने आय-व्यय और 2000 रुपये से अधिक के खर्चों की जानकारी दी, जिसे भी स्वीकृति मिली। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने अपने उद्बोधन में विगत 75 दिनों की उपलब्धियों का ब्योरा दिया।

उन्होंने बताया कि चेम्बर की पहल से प्रदेश में सिंगल विंडो सिस्टम लागू हुआ, जिससे व्यापारियों को सहूलियत मिली। विभिन्न कार्यशालाओं के आयोजन से व्यापारी लाभान्वित हुए। थौरानी ने कहा कि टेक्नोलॉजी के तेजी से बदलते दौर में चेम्बर संबंधित विभागों के साथ मिलकर कार्यशालाएं आयोजित करेगा, ताकि व्यापारियों को नवीनतम जानकारी मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की योजनाएं चेम्बर की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी।

चेम्बर चेयरमेन गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि 27,000 से अधिक सदस्यों के साथ छत्तीसगढ़ चेम्बर भारत का सबसे बड़ा चेम्बर है। उन्होंने वर्तमान पदाधिकारियों से व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता बरतने की अपील की। पूर्व अध्यक्ष जैन जीतेन्द्र बरलोटा ने सतीश थौरानी और उनकी टीम की सराहना की और सुझाव दिया कि चेम्बर भवन को सर्वसुविधायुक्त बनाने और सदस्यता शुल्क में वृद्धि करने की आवश्यकता है।

चेम्बर वाइस चेयरमेन चेतन तारवानी ने जीएसटी से संबंधित जानकारी दी, जबकि भारत ठक्कर ने आनलाइन सदस्यता फॉर्म और वेबसाइट के माध्यम से शासकीय नियम-कानूनों की जानकारी उपलब्ध कराने पर प्रजेंटेशन दिया।

बैठक में व्यापारिक हितों को बढ़ावा देने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में चेम्बर की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया गया। यह बैठक व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, चेयरमेन गोपाल कृष्ण अग्रवाल, वाईस चेयरमेन चेतन तारवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, जसप्रीत सलूजा, विनय बजाज, ललित जयसिंह, कमल सोनी सहित लगभग 227 कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।