रायपुर, 20 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल का विस्तार 20 अगस्त की सुबह कर दिया गया। राजभवन में आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में गजेन्द्र यादव, गुरू खुशवंत साहेब और राजेश अग्रवाल हैं।
गजेन्द्र यादव स्कूल शिक्षा मंत्री बने हैं। उन्हें इसके अलावा ग्रामोद्योग के साथ विधि एवं विधायी कार्य विभाग की भी जिम्मेदारी दी गयी है। गुरू खुशवंत साहेब को कौशल विकास, तकनीकि शिक्षा एवं रोजगार और अनुसूचित जाति विकास विभाग दिया गया है। राजेश अग्रवाल को पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नये मंत्रियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- सुस्पष्ट कार्य विभाजन एवं दायित्व के साथ मेरे कैबिनेट के सहयोगीगण नई ऊर्जा के साथ छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करने तैयार हैं।
सभी मंत्रीगण प्रदेश की आकांक्षाओं को मूर्त रूप देने, हमारे संकल्पों की सिद्धि कर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने, विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में अपना योगदान देने समूची प्रतिबद्धता के साथ तैयार हैं।













