रायपुर, 27 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 अगस्त से 24वीं राज्य स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता शुरू होगी। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ राज्य निशानेबाजी संघ द्वारा आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता 28 अगस्त से शुरू होकर 6 सितंबर 2025 तक चलेगी।
यह आयोजन माना स्थित चौथी बटालियन के शूटिंग रेंज में किया जाएगा। पिछले 23 वर्षों से यह प्रतियोगिता जिंदल समूह के सौजन्य से आयोजित होती आ रही है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से महिला एवं पुरुष निशानेबाज, जूनियर और सीनियर वर्ग में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता के हर मैच व हर वर्ग में भारतीय राष्ट्रीय रायफल संघ द्वारा निर्धारित न्यूनतम अंक अर्जित करने पर निशानेबाजों को ईस्ट ज़ोन, ऑल इंडिया जीवी मावलंकर जो कि प्री-नेशनल है, जैसी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता में इन वर्गों के मुकाबले
- 10 मीटर राइफल एवं पिस्टल शूटिंग
- 25 मीटर पिस्टल शूटिंग
- 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल शूटिंग
पंजीकरण की प्रक्रिया
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपना पंजीकरण राष्ट्रीय रायफल संघ की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 28 अगस्त 2025 तक कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ के मूल निवासी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। निवास प्रमाणपत्र के लिए वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट की आवश्यकता होगी।













