रायपुर, 31 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने रविवार 31 अगस्त को उन लोगों के चेहरे पर खुशियां बिखेर दी जिनके मंहगे मोबाइल गुम हो गये थे। पुलिस ने 20 लाख रुपये की कीमत के 100 नग गुम गये मोबाइल को ढूंढकर उनके स्वामियों को वापस लौटाया।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गुम मोबाईल फोन को ढूंढ कर बरामद करने हेतु निर्देशित किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थानों की संयुक्त टीम द्वारा आवेदकों द्वारा प्रस्तुत गुम मोबाईल फोन के आवेदनों पर गुम हुए मोबाईल फोन को ढूंढने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस टीम द्वारा गुम हुए कुल 100 नग मोबाईल फोन को प्रदेश सहित अन्य राज्यों के अलग-अलग स्थानों से ढूंढ कर बरामद किया गया। कुल 100 नग मोबाईल फोन कीमती लगभग 20 लाख रूपये बरामद कर 31 अगस्त को मोबाईल फोन को उनके स्वामियों को वितरित किया गया।
रायपुर पुलिस द्वारा अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर मोबाईल फोन बरामद किया गया। जिसमें से उप्र, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखण्ड तथा बिहार से मोबाईल फोन बरामद किया गया।
वर्ष 2025 में अब तक 1 करोड़ 30 लाख रूपये कीमत के कुल 650 नग गुम हुए मोबाईल फोन को मोबाईल फोन स्वामियों को वापस किया गया है।














