बिजनेस

स्टार रेटिंग अवार्ड 2025 में एसईसीएल की दो खदानों को मिला पुरस्कार

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 7, 2025
1 min read • 1.2k views
स्टार रेटिंग अवार्ड 2025 में एसईसीएल की दो खदानों को मिला पुरस्कार

मुंबई, 7 सितंबर 2025। स्टार रेटिंग अवार्ड 2025 में एसईसीएल की दो खदानों को पुरस्कार मिला है। यह दोनों खदानें सोहागपुर क्षेत्र में स्थित हैं। 4 सितंबर 2025 को मुंबई में आयोजित स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह 2025 के अन्तर्गत एसईसीएल की दो खदानों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

भूमिगत श्रेणी में एसईसीएल की बंगवार यूजी माईन को तृतीय पुरस्कार तथा खैरहा यूजी माईन को 5-स्टार अचीवर से सम्मानित किया गया। दोनों खदानें सोहागपुर क्षेत्र में स्थित हैं। यह पुरस्कार वर्ष 2023-24 की रेटिंग के आधार पर प्रदान किए गए। इस अवसर पर कोयला सचिव विक्रम देव दत्त एवं अपर सचिव श्रीमती रूपिंदर बरार की भी उपस्थिति रही।

एसईसीएल की ओर से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, संजय सिंह, उप-क्षेत्रीय प्रबन्धक, (बंगवार, अमलाई एवं दामिनी) एवं बी हरी बाबू, उप-क्षेत्रीय प्रबन्धक, (खैरहा एवं राजेन्द्रा) ने पुरस्कार ग्रहण किए।

कोयला मंत्रालय द्वारा प्रौद्योगिकी की मदद से हरित, सुरक्षित और टिकाऊ खनन प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए कोयला खदानों की स्टार रेटिंग की शुरुआत की गई है। कोयला नियंत्रक संगठन, कोयला मंत्रालय खनन कार्यों से जुड़े विभिन्न नियमों और विनियमों के पालन, मुख्य रूप से सुरक्षा, पर्यावरण, परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, श्रमिकों के कल्याण आदि से संबंधित बिन्दुओं पर खदानों के प्रदर्शन के आधार पर देश भर की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को रेटिंग प्रदान करता है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।