छत्तीसगढ़

दुर्घटना न करने वाले चालक को सम्मानित करेगी बिलासपुर पुलिस

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On सितम्बर 11, 2025
1 min read • 1.2k views
दुर्घटना न करने वाले चालक को सम्मानित करेगी बिलासपुर पुलिस

बिलासपुर, 11 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अनोखा कदम उठाया है। पुलिस अब ऐसे वाहन चालकों को सार्वजनिक रुप से सम्मानित करेगी जिनसे एक वर्ष में कोई दुर्घटना न हुई हो। इतना ही नहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने वाहन मालिकों से ऐसे चालकों को इंसेंटिव देने का भी आग्रह किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने वाहन परिवहन से सम्बंधित समस्त संघों/यूनियन से भी इस संबंध में विचार विमर्श किया है। उन्होंने चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों, ट्रांसपोर्ट यूनियन के सदस्यों, छोटी, मध्यम एवं हैवी ट्रकों के एसोसिएशन के सदस्यों, इलेक्ट्रिक एवं पैट्रोल, डीजल ऑटो संघ के सदस्यों तथा ट्रांसपोर्ट से जुड़े हुए समस्त व्यवसाईयों के विभिन्न यूनियन के सदस्यों के साथ बैठक की।

बैठक में उन्होंने कहा कि ऐसे समस्त ड्राइवर जिसने पिछले कुछ साल में कोई भी एक्सीडेंट न हुआ हो, उनके सैलरी में इंसेंटिव देते हुए उनके सैलरी में वृद्धि किए जाने के संदर्भ में आवश्यक चर्चा की गई। ऑटो मेटाडोर, ट्रक, बस एवं अन्य वाहनों के ऐसे ड्राइवर को ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक के द्वारा नॉमिनेट करते हुए उन्हें अन्य सार्वजनिक मंचों पर सम्मानित किए जाने हेतु प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय या यातायात मुख्यालय भेजने हेतु अवगत कराया गया ताकि ऐसे सतर्क और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने वाले ड्राइवर को समय-समय पर सम्मानित करने से यातायात नियमों का उल्लंघन कर सड़क दुर्घटना कारित करने वाले ड्राइवरों को सबक मिल सके।

जिले मे ऑटो ड्राइवर के द्वारा बेतरतीव तरीके से वाहनों के संचालन के संदर्भ में चर्चा की गई एवं इलेक्ट्रिक एवं पेट्रोल ऑटो संचालकों के यूनियन को यह निर्देशित भी किया गया कि लापरवाह ऑटो चालकों पर नियंत्रण रखा जाए। अन्यथा नियमित रूप से की जा रही वाहन चेकिंग पर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त और अनिवार्य वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

सभी यूनियन के अध्यक्षों को सड़क दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए ड्राइवर को उंघासी, थकान, ध्यान भटकने, असावधानी, पलक झपकने, नींद आ जाने जैसी घटनाओं से बचाने हेतु प्रत्येक लंबी दूरी की गाड़ियों में पाली पाली में दो ड्राइवर रखने का भी सुझाव दिया गया। ताकि सड़कों पर चलते हुए आकस्मिक व अचानक किसी भी प्रकार के असावधानी से बची जा सके।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के वाइस प्रेसिडेंट डॉ नवदीप सिंह अरोड़ा, अशोक श्रीवास्तव अध्यक्ष ट्रान्सपोर्ट यूनियन, इंडस्ट्री इकाई से जुड़े सदस्यगण, बस मालिक संघ के अध्यक्ष आकाश यादव, कार्यवाहक अध्यक्ष बस मालिक संघ तपेश सिंह ठाकुर, पवन कुमार गुप्ता अध्यक्ष मिनी ट्रक परिवहन संघ, ऑटो संघ के जिला अध्यक्ष नारायण पात्रे, ट्रेजरर ताम्रध्वज साहू संयुक्त सचिव, शेख वजीर जनरल सेक्रेटरी, सहित ट्रान्सपोर्ट कार्य और व्यवसाय से जुड़े हुए अनेक इकाइयां एवं संघ के सदस्य गण उपस्थित थे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।