• Home
  • वैकेंसी
  • बैंक ऑफ इंडिया में 115 पदों पर भर्ती, 17 नवंबर से आवेदन शुरू
बैंक ऑफ इंडिया में 115 पदों पर भर्ती

बैंक ऑफ इंडिया में 115 पदों पर भर्ती, 17 नवंबर से आवेदन शुरू

नई दिल्ली, 15 नवंबर 2025। बैंक ऑफ इंडिया ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर (SO) भर्ती 2025 की अधिसूचना जारी कर दी है। आईटी, वित्त, इंजीनियरिंग और कानून सहित विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों की भर्ती के लिए कुल 115 पद घोषित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 17 नवंबर से 30 नवंबर 2025 के बीच आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती अभियान में स्केल-IV के लिए 15, स्केल-III के लिए 54 और स्केल-II के लिए 46 रिक्तियां शामिल हैं। प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है। तकनीकी पदों के लिए उम्मीदवारों के पास कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स या संबंधित विषयों में बीई, बी.टेक, एमसीए या एमएससी की डिग्री होनी चाहिए और न्यूनतम 60% अंकों की आवश्यकता होगी। वहीं अर्थशास्त्री पद के लिए अर्थशास्त्र या अर्थमिति में पोस्ट ग्रेजुएशन अनिवार्य है। अन्य विस्तृत योग्यताएं उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख सकते हैं।

बैंक ऑफ इंडिया SO भर्ती 2025 के लिए आयु सीमा भी पद के अनुसार अलग है। 1 अक्टूबर 2025 को न्यूनतम आयु 21 से 28 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 45 वर्ष रखी गई है। स्केल-II के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष, स्केल-III के लिए 25 से 38 वर्ष और स्केल-IV के लिए 28 से 45 वर्ष निर्धारित है।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन दोनों चरणों में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा।

ऐसे करें आवेदन
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उम्मीदवार सबसे पहले बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट bankofindia.co.in पर जाएं। इसके बाद ‘करियर’ सेक्शन में जाएं और ‘स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती 2025’ लिंक पर क्लिक करें। मांगी गई सभी जानकारी भरकर पंजीकरण पूरा करें। आवेदन पत्र भरने के बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें और उसकी एक प्रति भविष्य उपयोग के लिए प्रिंट कर लें।

यह भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर है जो बैंकिंग सेक्टर में विशेषज्ञ अधिकारी के तौर पर करियर बनाना चाहते हैं।