रायपुर, 30 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा 2024 के परिणाम इस बार दिल्ली IAS एकेडमी बिलासपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आए। कुल 246 पदों में से रिकॉर्ड 153 चयन इसी संस्थान से हुए हैं, जो अब तक प्रदेश के किसी भी कोचिंग संस्थान द्वारा अर्जित सबसे बड़ा परिणाम माना जा रहा है। इस उपलब्धि को और खास बनाता है प्रदेश टॉपर देवेश प्रसाद साहू का चयन, जो संस्थान के नियमित क्लासरूम विद्यार्थी रहे हैं।
संस्थान के मुताबिक 153 चयन में से 85 अभ्यर्थी क्लासरूम प्रोग्राम से हैं। शेष अभ्यर्थियों ने टेस्ट-सीरीज़ और इंटरव्यू प्रोग्राम के माध्यम से सफलता प्राप्त की। पिछले तीन बैचों के विद्यार्थियों ने इस रिकॉर्ड को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि इस वर्ष टॉप-10 में संस्था के 7 विद्यार्थी शामिल हैं। डिप्टी कलेक्टर के 7 पदों में से 6 और DSP के 21 पदों में से 13 चयन संस्थान से हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता हमारी गाइडेंस, फैकल्टी की मेहनत और विद्यार्थियों की निरंतर लगन का परिणाम है।
रायपुर सेंटर के निदेशक स्वतंत्र राजपूत ने बताया कि संस्थान 2021 से ‘एकलव्य स्कॉलरशिप’ योजना चला रहा है। इसके तहत हर वर्ष 20 छात्रों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाता है तथा 80 छात्रों को 40% से 100% तक शुल्क छूट प्रदान की जाती है। अब तक 500 से अधिक छात्र इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें 2 डिप्टी कलेक्टर, 5 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी और 2 व्यापम चयन भी शामिल हैं। इस वर्ष राजीव युवा उत्थान योजना के दो विद्यार्थी भी चयनित हुए हैं।
टॉपरों ने साझा किए अनुभव
ऐतिहासिक सफलताओं के बाद दिल्ली IAS एकेडमी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हजारों विद्यार्थियों ने चयनित अभ्यर्थियों का तालियों और फूलों से स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश टॉपर देवेश साहू सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। देवेश ने कहा कि लंबी तैयारी के दौरान पढ़ाई जितनी आवश्यक है, उतना ही जरूरी मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखना भी है।
प्रमुख चयनित अभ्यर्थी
डिप्टी कलेक्टर के पद पर देवेश प्रसाद साहू (टॉपर), स्वप्निल वर्मा, यशवंत कुमार देवांगन, पोलेश्वर साहू, चंचल पैकरा, मयंक सिंह मंडावी। DSP के पद पर पंकज कुमार यादव, साक्षी वर्मा, नवीन कुमार साहू, सुनील कश्यप, सिद्धांत दुबे, कमलेश कुमार, हर्षवर्धन शर्मा, प्रसून गुप्त, तान्या पांडे सहित 13 चयन। FSO/ADFO के पद पर शताक्षी पांडे, सृष्टि गुप्ता, दीपक कुमार, मुस्कान राही आदि। ADPRD के पद पर गौरव साहू, विवेक कुमार, वैभवी साहू सहित कई चयन। CDPO, SASO, NT/CTI/अन्य पदों पर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलता दर्ज की, जिससे चयन सूची में संस्थान का दबदबा स्पष्ट दिखाई देता है।
विशेष मेंटरशिप प्रोग्राम शुरू करेगा संस्थान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि SECL के वरिष्ठ अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि जिस कार्य हेतु आपका चयन हुआ है, उसे निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं। समाज नई पीढ़ी के अधिकारियों से बहुत उम्मीदें रखता है। मुख्य निदेशक विद्या चतुर्वेदी ने बताया कि विद्यार्थियों के रचनात्मक विकास के लिए संस्थान में वॉल ऑफ़ क्रिएटिविटी बनाई गई है तथा जल्द ही विशेष मेंटरशिप प्रोग्राम शुरू किया जाएगा, जिसमें छात्रों को रोज़ 6–8 घंटे का अभ्यास कराया जाएगा।
कार्यकारी निदेशक ई. नवनीत सिंह राठौर ने कहा कि PSC राज्य की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है। बिना सही मार्गदर्शन के तैयारी करना जोखिम भरा होता है। उन्होंने बताया कि संस्थान लगातार विषय विशेषज्ञता और शोध आधारित अध्ययन सामग्री पर कार्य करता है।
अंत में संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी ने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, सही दिशा, अनुशासन और विद्यार्थियों की अनवरत मेहनत का परिणाम है। हमारा लक्ष्य आने वाले वर्षों में और भी अधिक युवाओं को शीर्ष पदों तक पहुंचाना है, ताकि छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सके।













