31 आईपीएस अफसरों के तबादले, कई को नई जिम्मेदारियां
रायपुर, 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने 24 अगस्त 2026 को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया। इस फेरबदल में 31 आईपीएस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जबकि नक्सल आपरेशन, गुप्तवार्ता, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, तकनीकी सेवाएं, यातायात और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी बदलाव किया गया है। पवन देव को छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक पद से हटाकर महानिदेशक, नगर सेना एवं नागरिक सुरक्षा तथा अग्निशमन सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है। जीपी सिंह को पुलिस मुख्यालय से महानिदेशक, राज्य पुलिस अकादमी, प्रशिक्षण एवं महानिदेशक एसआरपी बनाया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.आर. पी कल्लूरी को प्रशासन एवं चयन, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी से छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध संचालक पद पर भेजा गया है। प्रदीप गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन एवं चयन की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास संचालक अभियोजन का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। एडीजी विवेकानंद को वर्तमान नक्सल आपरेशन, एसआईबी, छसबल और एसटीएफ की जिम्मेदारियों के साथ वित्त, योजना एवं प्रबंध का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दीपांशु विजय काबरा को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ रेल और यातायात का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ओमप्रकाश पॉल देखेंगे कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा
एडीजी अमित कुमार को वर्तमान गुप्तवार्ता की जिम्मेदारी के साथ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. आनंद छाबड़ा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं, डायल-112 एवं दूरसंचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईजी ओमप्रकाश पॉल को नक्सल आपरेशन/एसआईबी से हटाकर आईजी कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाया गया है। अंकित कुमार गर्ग को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एसआईए की जिम्मेदारी दी गई है। ध्रुव गुप्ता को आईजी सीआईडी के साथ सीसीटीएनएस और एससीआरबी की जिम्मेदारी मिली है।
मिलना कुर्रे और पारुल माथुर को नई जिम्मेदारी
डीआईजी स्तर पर भी कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। मिलना कुर्रे को आईजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल बनाया गया है। पारुल माथुर को डीआईजी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, मनीष शर्मा को डीआईजी प्रशासन एवं चयन तथा अभिषेक मीणा को डीआईजी छसबल बस्तर की जिम्मेदारी दी गई है। सदानंद कुमार को डीआईजी छसबल पुलिस मुख्यालय, गिरिजा शंकर जायसवाल को डीआईजी एस4सी एवं तकनीकी सेवाएं और एम.एल. कोटवानी को डीआईजी गुप्तवार्ता बनाया गया है। प्रशांत कुमार ठाकुर को सीसीटीएनएस एवं एससीआरबी की जिम्मेदारी मिली है। अजातशत्रु बहादुर सिंह को डीआईजी नगर सेना, राज्य आपदा प्रबंधन बल एवं अग्निशमन सेवाएं, जबकि विवेक शुक्ला को डीआईजी सुरक्षा बनाया गया है। राजेश कुकरेजा को डीआईजी वित्त, योजना एवं प्रबंध तथा श्वेता राजमणी को डीआईजी दूरसंचार एवं डायल-112 की जिम्मेदारी दी गई है। रामकृष्ण साहू को डीआईजी सीआईडी बनाया गया है।
एआईजी स्तर पर भी फेरबदल
मोहित गर्ग को एआईजी प्रशासन एवं चयन, रवि कुमार कुर्रे को एआईजी सीआईडी और यदुवली अक्षय कुमार को एआईजी सीसीटीएनएस की जिम्मेदारी दी गई है। अक्षय कुमार के पास अंतविर्भागीय लीड एजेंसी के अंतर्गत संयुक्त परिवहन आयुक्त सड़क सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। चिराग जैन को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर 18वीं बटालियन मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी का सेनानी बनाया गया है। वहीं अंजली विश्वकर्मा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात, पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है।
