प्रतापगढ़, 26 जून 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में रहस्यमय मिठाई मां, बेटे और बहू का काल बन गयी। इस मिठाई के खाने से तीनों की मौत हो गयी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत होने से पुलिस अधिकारी भी परेशान हो उठे। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के सभी पहलुओं पर छानबीन करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित किया है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि घर में वह रहस्यमय मिठाई कहां से आयी जिसके खाने से तीन लोगों की मौत हो गयी।
पूरा मामला लीलापुर थाना क्षेत्र की प्रसिद्ध बाजार सगरा सुंदरपुर का है। यहां रायबरेली जिले का रहने वाला 28 वर्षीय अंकित पटवा अपनी 24 वर्षीय पत्नी रिया और 48 वर्षीय मां आशा देवी के साथ ननिहाल में रहता था। सगरा सुंदरपुर मुख्य बाजार में उसका घर था। घर में ही ग्राउंड में उसने कास्मेटिक की दुकान खोल रखी थी और प्रथम तल पर परिवार के साथ रहता था।
बताते हैं कि गुरुवार 26 जून की सुबह प्रथम तल के एक कमरे में अंकित उसकी पत्नी रिया और मां आशा का शव पाया गया। अंकित और उसकी पत्नी का शव बिस्तर पर था और मां आशा का शव फर्श पर था। पुलिस के छानबीन में कमरे में मिठाई का डिब्बा और आम मिला। मिठाई का डिब्बा खुला था, इससे आशंका जताई जा रही है कि मिठाई में ही कुछ मिला हुआ था जिसके खाने से तीनों की मौत हुई है। क्योंकि तीनों शवों के मुंह से झाग भी निकला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं मिठाई जहरीली तो नहीं थी।
हलांकि सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही पता चल सकेगी। घर में अब अंकित की 70 वर्षीय बूढ़ी नानी और उसका छह माह का मासूम बेटा बचा है। इस घटना को लेकर सभी हैरत में हैं कि आखिर ऐसा क्या हो गया कि अंकित , उसकी पत्नी और मां की मौत हो गयी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा है कि जल्द ही घटना का सच सामने लाया जाएगा।