सुवंसा (प्रतापगढ़), 26 जून 2025। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरा के अंतर्गत गुरुवार को नगर पंचायत सुवंसा के सभासदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अजय सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष वेद प्रकाश और अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 1 से 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देना था।
बैठक में बीएमसी नरेंद्र कुमार मिश्र ने अभियान के तहत नालियों की सफाई, फॉगिंग गतिविधियों और जन जागरूकता के लिए रैली निकालने की योजना पर बल दिया। उन्होंने सभी वार्डों में सभासदों से अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का आग्रह किया। साथ ही, दस्त रोको अभियान के अंतर्गत ओआरएस घोल के महत्व पर चर्चा की गई, जिससे डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव हो सके। नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए नगर पंचायत के गांवों बैरमपुर, रोह, खुर्दकला और वनवासी बस्ती में संयुक्त भ्रमण की योजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. अजय सिंह ने संचारी रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के फैलने के कारणों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, मच्छरों के प्रजनन को रोकने और समय पर टीकाकरण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, संचारी रोगों से बचाव के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी है। साफ-सफाई और जागरूकता ही इन बीमारियों को नियंत्रित करने की कुंजी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष वेद प्रकाश ने सभी सभासदों से अपने-अपने वार्डों में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सभासदों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।