सक्सेस स्टोरी

जौनपुर के नायब तहसीलदार अतुल सिंह ने क्रैक किया यूपीएससी, डीएम ने किया सम्मानित

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मार्च 7, 2026
1 min read • 1.2k views
जौनपुर के नायब तहसीलदार अतुल सिंह ने क्रैक किया यूपीएससी

जौनपुर, 7 मार्च 2026। यूपी के जौनपुर में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत अतुल सिंह ने यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने नायब तहसीलदार अतुल सिंह के इस प्रयास की न केवल सराहना की बल्कि अपने कार्यालय में बुलाकर उनका सम्मान किया।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद में नायब तहसीलदार के पद पर तैनात अतुल सिंह, जो विगत कई वर्षों से संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी कर रहे थे, उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त की है।

अतुल सिंह कई बार असफल होने के बावजूद निरंतर प्रयास करते रहे और अपने लक्ष्य से कभी विचलित नहीं हुए। आज उनके परिश्रम का परिणाम सामने आया है और उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयनित होकर जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।

अतुल सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र के मार्गदर्शन, प्रेरणा और आशीर्वाद को देते हुए कहा कि राजस्व विभाग की व्यस्त नौकरी के बावजूद जिलाधिकारी के प्रोत्साहन से उन्हें तैयारी जारी रखने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में कार्य करते हुए भी सेवा भावना के साथ अध्ययन जारी रखना संभव हुआ, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता प्राप्त हुई।

जिलाधिकारी ने अतुल सिंह को इस उपलब्धि पर पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्रम भेंट की और बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि यह जनपद के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवाओं को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की ओर से अतुल सिंह को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा आशा व्यक्त की कि वह आगे चलकर प्रशासनिक सेवा में भी उत्कृष्ट कार्य कर देश एवं समाज की सेवा करेंगे।

Read More : नक्सल प्रभावित बीजापुर के युवा ने क्रैक की यूपीएससी

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।