• Home
  • छत्तीसगढ़
  • सेंट पॉल स्कूल में अवाम ए हिन्द ने रोपे पौधे, शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने लिया संकल्प
सेंट पॉल स्कूल में अवाम ए हिन्द ने रोपे पौधे, शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने लिया संकल्प

सेंट पॉल स्कूल में अवाम ए हिन्द ने रोपे पौधे, शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने लिया संकल्प

रायपुर, 13 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बैरन बाजार में स्थित सेंट पॉल हायर सेकंडरी स्कूल में उत्सव जैसा माहौल था। स्कूल की प्रिंसिपल पल्लवी मिंज, स्टाफ और बच्चे सभी पौधों का रोपण करने के लिए उत्साहित थे।

यह कार्य करने की प्रेरणा अवाम ए हिन्द सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक मोहम्मद सज्जाद खान दे रहे थे। वह अपनी संस्था के पदाधिकारियों के साथ फलदार पौधों को लेकर स्कूल परिसर में पहुंचे थे। मोहम्मद सज्जाद खान ने स्कूल के बच्चों को बताया कि पेड़ पौधे हमारे जीवन और स्वास्थ्य के लिए कितना उपयोगी हैं। पौधों का रोपण करना और उन्हें बचाना, समय-समय पर उन्हें पानी देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

पौधों का रोपण और संरक्षण सबसे बड़ी देशभक्ति है और मानवता है। मोहम्मद सज्जाद खान ने बताया कि संस्था इस वर्ष रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों, ग्रामीण और औद्योगिक इलाकों में सैकड़ों छायादार और फलदार पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संवर्धन भी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पर्यावरण की रक्षा को अपना कर्तव्य मानते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और प्रदूषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को सफल बनाएं।

इस कार्यक्रम में स्कूल की चरण मैडम, बासोना मजुमदार, राजेंद्र शर्मा, अनिल शुक्ल, जुबैर खान, पूनम यादव, कुलविंदर सिंह, अरहम खान, राजकुमार साहू, वसीम अकरम, प्रीति जैन, रिंकी शुक्ला, कमलप्रीत कौर, नौरिन, नौशाद समेत स्कूल स्टाफ और समाज के कई बुद्धिजीवी मौजूद रहे।

संस्था का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगीकरण के कारण पर्यावरण पर दबाव बढ़ा है, जिसे संतुलित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। वृक्षारोपण न केवल वायु की गुणवत्ता सुधारता है बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है।

अवाम ए हिन्द सोशल वेलफेयर कमेटी ने लोगों को संदेश दिया कि वृक्ष धरती के वास्तविक धरोहर हैं और उनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है। संस्था आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण अभियान जारी रखेगी, ताकि रायपुर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त शहर के रूप में विकसित किया जा सके।