खेल

हॉकी कोच बलदेव सिंह को मिलेगा पद्मश्री सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On मई 21, 2026
1 min read • 1.2k views
हॉकी कोच बलदेव सिंह को मिलेगा पद्मश्री सम्मान

नई दिल्ली, 21 मई 2026। केन्द्र सरकार ने हॉकी कोच बलदेव सिंह को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है। भारतीय हॉकी में बलदेव सिंह ऐसा ही नाम है, जिन्होंने हरियाणा के शाहाबाद मारकंडा को देश की सबसे बड़ी हॉकी पाठशाला बना दिया। 1982 में बलदेव यहां हरियाणा खेल विभाग के कोच बनकर आए थे। अपनी मेहनत और अनुशासन से उन्होंने 80 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 8 भारतीय कप्तान तैयार किए। अब उनके इसी अतुलनीय योगदान के लिए 25 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों ‘पद्मश्री’ सम्मान मिलेगा।

75 वर्षीय बलदेव नामधारी हॉकी टीम के खिलाड़ी रहे थे। बाद में उन्होंने बेंगलुरु के राष्ट्रीय खेल संस्थान से कोचिंग का डिप्लोमा किया। इसके बाद भारतीय हॉकी टीम में उनका सफर तेजी से आगे बढ़ा। 1993 में वह जूनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच और चयनकर्ता बने। 1996 में चेन्नई में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के सहायक कोच भी रहे। इसके बाद 2001 से 2004 तक उन्होंने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली।

बलदेव की देखरेख में भारत ने 2004 में एशिया कप का स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने नीदरलैंड में हुई चैंपियंस ट्रॉफी समेत कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कोच की भूमिका निभाई। पिछले 40 सालों से वह बिना किसी शोर-शराबे के भारतीय हॉकी के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कोचिंग के अलावा उन्होंने कई विश्वविद्यालयों और खेल संस्थानों के साथ मिलकर युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को निखारने में भी अहम भूमिका निभाई है।

बलदेव केंद्र सरकार की ओलंपिक कार्यबल समिति का भी हिस्सा रहे, जहां उन्होंने टोक्यो, पेरिस और लॉस एंजेलिस ओलंपिक की तैयारियों के लिए लंबी योजनाएं बनाने में भूमिका निभाई। हरियाणा और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में हॉकी प्रतिभाओं के उभरने के पीछे भी उनका योगदान सबसे अहम था। उनके तैयार किए हुए करीब 80 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को तराशकर भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।