रायपुर, 31 जनवरी 2025। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष में रायपुर में 3 से 8 फरवरी तक भारत रंग महोत्सव का आयोजन होगा। साइंस कालेज में स्थित पं. दीन दयाल उपाध्याय आडिटोरियम में होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस मौके पर विशेष रुप से प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के पूर्व निदेशक देवेन्द्र राय अंकुर शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बारे में संयोजिका गरिमा दिवाकर ने रायपुर प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस लेकर मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली के सहयोग रायपुर में पहली बार होने जा रहा है। कार्यक्रम में प्रत्येक दिवस अलग-अलग राज्य के कलाकारों द्वारा प्रस्तुति की जाएगी। समापन के दिन 8 फरवरी को गरिमा दिवाकर के निर्देशन में विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

















