छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, 10 नगर निगमों पर कब्जा

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On फ़रवरी 15, 2025
2 min read • 1.2k views
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, 10 नगर निगमों पर कब्जा

रायपुर, 15 फरवरी 2025। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम 15 फरवरी को घोषित हो रहे हैं। भाजपा ने इस चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। राज्य के 14 में से 10 नगर निगम पर हुए चुनाव में सभी 10 सीटों पर भाजपा की जीत हुई है। रायपुर नगर निगम पर भाजपा की मीनल चौबे ने 86 हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की है। ज्यादातर नगर पंचायतों और पालिकाओं पर भाजपा ने कब्ज़ा कर लिया है।

नगर पंचायत धमतरी, भानुप्रतापपुर, पखांजूर के अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। कांकेर में कांग्रेस ने 10 और भाजपा ने 5 सीटों पर जीत हासिल की है। राम नगर वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है, वहीं जवाहर वार्ड और अलबेलापारा में भाजपा ने जीत दर्ज की है। नगर पंचायत भानुप्रतापुर में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी निखिल सिंह राठौर विजयी रहे।

कुनकुरी में कांग्रेस की जीत

सूरजपुर नगर पालिका में कांग्रेस ने कब्जा किया है। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी कुसुमलता राजवाड़े ने 196 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी देवन्ती साहू को हराया। कवर्धा नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में बीजेपी ने जीत दर्ज की। कुनकुरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय शील गुप्ता ने भाजपा के सुतबल यादव को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया। गौरतलब है कि प्रदेश के सीएम विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा से ही आते हैं।

कसडोल में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़

बलौदा बाजार जिले के नगर पंचायत रहसी में कांग्रेस प्रत्याशी नंदेश्वर साहू अध्यक्ष पद पर विजयी रहे। नगर पंचायत पलारी में कांग्रेस प्रत्याशी गोपी साहू ने एक हजार से अधिक मतों से जीत दर्ज की। नगर पालिका सिमगा में निर्दलीय प्रत्याशी हरदीप सिंह भाटिया विजयी हुए। जबकि कसडोल और टुण्ड्रा नगर पंचायत में भाजपा की जीत हुई। कसडोल में सभी कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी हार गए।

बीजापुर नगरपालिका में भाजपा की वापसी

बलरामपुर नगर पंचायत वाड्रफनगर में बीजेपी अध्यक्ष मानसिंह धुर्वे ने 67 वोटों से जीत दर्ज की। 15 वार्डों में से 9 वार्डों में भाजपा पार्षद विजयी रहे। वहीं, बीजापुर नगरपालिका में भाजपा की वापसी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।

कुरुद नगर पंचायत में भाजपा का कब्जा

कुरुद नगर पंचायत से भाजपा की ज्योति चंद्राकर 262 वोटों से विजयी हुईं। यहां 9 कांग्रेस और 6 भाजपा पार्षद जीते। भखारा-भठेली में भाजपा की ज्योति जैन 640 वोटों से विजयी हुईं। यहां भाजपा के 12 और कांग्रेस के 3 पार्षद जीते।

नारायणपुर में 25 साल बाद भाजपा की वापसी

नगर पालिका परिषद नारायणपुर में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा किया। 15 वार्डों में भाजपा ने 13 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत हासिल की। नारायणपुर में भाजपा ने 25 साल बाद वापसी की। इंद्र प्रसाद बघेल नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बने।

छुरा नगर पंचायत में भाजपा की जीत

गरियाबंद जिले के छुरा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी लोकेश्वरी निषाद 200 मतों से विजयी हुईं। सारंगढ़ जिले के सरिया नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी कमलेश अग्रवाल विजयी रहे। कवर्धा जिले के पांडातराई नगर पंचायत में भाजपा की सरिता सोनी ने कांग्रेस की सविता पाटस्टर को 654 वोटों से हराया।

थान खम्हारिया में भाजपा की जीत

बेमेतरा जिले के नगर पंचायत थान खम्हारिया में भाजपा प्रत्याशी अनिता चंदन अग्रवाल अध्यक्ष बनीं। गरियाबंद जिले के राजिम से भाजपा प्रत्याशी महेश यादव विजयी रहे। बलरामपुर जिले के नगर पंचायत राजपुर में भाजपा प्रत्याशी धरम सिंह 1,289 वोटों से जीते।

गौरेला नगर पालिका में भाजपा का कब्जा

पेंड्रा जिले के गौरेला नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी मुकेश दुबे ने 4,459 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें 6,750 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी शकीला बेगम दूसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस प्रत्याशी अशोक शर्मा तीसरे स्थान पर रहे।

छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की यह जीत आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत संकेत देती है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।