खेल

नितिन नबीन रायपुर पहुंचे, 12 जनवरी को साय मंत्रिमंडल का विस्तार संभव

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 8, 2025
1 min read • 1.2k views
नितिन नबीन रायपुर पहुंचे, 12 जनवरी को साय मंत्रिमंडल का विस्तार संभव

नया मंत्री कौन होगा, के नाम को लेकर कयासबाजी का दौर जारी

रायपुर, 8 जनवरी 2024। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल का विस्तार 12 जनवरी को संभव है। सूत्रों की बात पर यकीन करें तो यह साफ है कि अगर कोई विशेष अड़चन न आयी तो 12 जनवरी को मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया जायेगा। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गयी हैं।

बता दें छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बने एक वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। प्रारंभ से ही मंत्रिमंडल में एक पद रिक्त रहा। यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार है जब मंत्रिमंडल में एक स्थान एक साल से अधिक समय से रिक्त है। लोकसभा चुनाव में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के रायपुर संसदीय सीट से सांसद चुन लिये जाने के बाद एक और मंत्री का पद रिक्त हो गया।

इस तरह से साय के मंत्रिमंडल में दो पद रिक्त हैं। दूसरी तरफ चर्चा है कि छत्तीसगढ़ में भी हरियाणा का फार्मूला मंत्रिमंडल विस्तार में लागू किया जा सकता है। ऐसे में एक मंत्री की जगह और बन जाएगी। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव किसे स्थान देंगे, उनके नामों को लेकर कयासबाजी का दौर तेज हो गया है।

मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा के बीच बुधवार को भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने उनका स्वागत किया। नितिन नबीन गुरुवार को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक लेंगे। इसके साथ ही वे नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के सम्मेलन में भी शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने बताया कि राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में श्री नवीन पहले सुबह 10 बजे कोरग्रुप की बैठक लेंगे और फिर सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।