विदेश

आयरलैंड को मिला 10वां राष्ट्रपति, कैथरीन कोनोली विजयी

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 26, 2025
1 min read • 1.2k views
आयरलैंड को मिला 10वां राष्ट्रपति, कैथरीन कोनोली विजयी

लंदन, 26 अक्टूबर 2025। आयरलैंड को अपना 10वां राष्ट्रपति मिल गया है। निर्दलीय उम्मीदवार कैथरीन कोनोली ने आयरलैंड चुनाव में इतिहास रच दिया है। उन्होंने आयरलैंड के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता है। वामपंथी स्वतंत्र उम्मीदवार कैथरीन कोनोली ने मध्य-दक्षिणपंथी पार्टी फाइन गेल की उनकी प्रतिद्वंद्वी हीथर हम्फ्रीज को भारी मतों से पीछे छोड़ दिया। शनिवार 25 अक्टूबर को ही मतगणना समाप्त होने से पहले ही हीथर ने हार स्वीकार कर लिया।

नई राष्ट्रपति कैथरीन कोनोली अब माइकल डी. हिगिंस की जगह लेंगी, जो 2011 से राष्ट्रपति हैं और उन्होंने अधिकतम दो बार सात-वर्षीय कार्यकाल पूरा किया है। वह आयरलैंड की 10वीं राष्ट्रपति और इस पद पर आसीन होने वाली तीसरी महिला होंगी। कैथरीन कोनोली को सिन फेन सहित आयरलैंड की वामपंथी पार्टियों का समर्थन प्राप्त था।

कौन हैं कैथरीन कोनोली

पूर्व बैरिस्टर कैथरीन कोनोली, जो 2016 से सांसद हैं, वो गाजा में युद्ध को लेकर इस्राइल की मुखर आलोचना करती रही हैं। उन्होंने रूस द्वारा यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर आक्रमण के बाद यूरोपीय संघ के बढ़ते सैन्यीकरण के खिलाफ भी चेतावनी दी। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने बेबाक विचारों से जनता के बीच पहचान बनाई है। हालांकि आयरलैंड में सैन्य तटस्थता की परंपरा रही है, लेकिन उनके आलोचकों का कहना है कि इससे देश के सहयोगियों के अलग-थलग पड़ने का खतरा है।

वामपंथी झुकाव वाली स्वतंत्र उम्मीदवार कोनोली को सिन फेन, लेबर पार्टी और सोशल डेमोक्रेट्स सहित कई वामपंथी दलों का समर्थन प्राप्त है। वहीं प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने शनिवार को कोनोली को उनकी बेहद व्यापक चुनावी जीत के लिए बधाई दी और कहा कि यह स्पष्ट है कि वह आयरलैंड की अगली राष्ट्रपति होंगी।

बता दें कि मार्टिन की फियाना फेल पार्टी के उम्मीदवार जिम गेविन के चुनाव से तीन हफ्ते पहले एक पुराने वित्तीय विवाद के कारण से हटने के बाद कोनोली और हम्फ्रीज ही एकमात्र दावेदार थे। आयरलैंड की सरकार के प्रमुख मार्टिन ने व्यक्तिगत रूप से गेविन का राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन किया था। हालांकि गेविन ने प्रचार करना बंद कर दिया था, लेकिन चुनाव से देर से हटने के कारण उनका नाम मतपत्र पर बना रहा।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।