मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशेषज्ञों से की मुलाकात, निवेशकों को दिया विकसित छत्तीसगढ़ में साझेदारी का न्योता
रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ अब विकास के साथ हरित अर्थव्यवस्था और आधुनिक पर्यटन के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं तलाश रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सिंगापुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन सहित प्रदेश में शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और उद्यानिकी के विकास पर सहयोग की संभावनाएं तलाशीं।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (सिंग) द्वारा आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम 2026 में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर प्रवास के पहले दिन गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा और जैव विविधता से समृद्ध राज्य है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
बैठक में क्या-क्या हुआ
- छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
- दोनों पक्षों के बीच उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सिंगापुर के उद्योग जगत को निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री साय रविवार शाम सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, एसबीएफ के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून समेत उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के अलावा मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सविर्सेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के सात सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में निवेश, व्यापार और दीघर्कालिक आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा हुई। साय ने निवेशकों से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान करते हुए प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का न्योता दिया।
